Site icon Dainik Savera Times

Brazil में बाढ़ का कहर, 31 लोगों की मौत, 2300 लोग बेघर 

मुकुमः दक्षिणी ब्राजील में चक्रवात के कारण आई बाढ़ से कई शहरों में घर पानी में बह गए, वाहन पानी में फंस गए और कई सड़कों में पानी भर गया। बाढ़ में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 2300 लोग बेघर हो गए हैं। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। गर्वनर एडुआडरे लेइटे ने कहा कि सोमवार रात से जारी तूफान ने 60 से ज्यादा शहरों को प्रभावित किया है। यह तूफान रिओ ग्रांड डो सुल राज्य के लिए सबसे विध्वंसकारी आपदा बन गया है।
लेइटे ने सरकार के सोशल मीडिया खाते पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, हमें हवाई सव्रेक्षण करने के बाद स्थिति की भयावहता का पता चला। सिर्फ नदी के किनारे रहने वाले लोग ही नहीं बल्कि पूरे के पूरे शहर इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। बचाव दलों ने मंगलवार को ये वीडियो लिया था और ऑनलाइन न्यूज साइट जी1 द्वारा प्रकाशित इस वीडियो में दिख रहा है कि कुछ परिवार अपने घरों की छत पर खड़े होकर मदद की गुहार लगा रहे हैं। सड़कों पर तेजी से आते पानी ने बहुत से इलाकों का संपर्क मुख्य शहरों से बिल्कुल काट दिया है।
लेइटे ने बुधवार को कहा कि मृतकों की संख्या 31 हो गई है। वहीं देश के आपातकालीन प्राधिकारियों ने बताया कि कम से कम 2300 लोग बेघर हो गए हैं। साथ ही तीन हजार अन्य लोगों को अस्थायी रूप से अपने घरों को छोड़ना पड़ा।
Exit mobile version