Site icon Dainik Savera Times

चीन के कारोबारी माहौल की विदेशी कंपनियों ने की सराहना

China News

China News

22 से 26 जून तक चीन की राजधानी पेइचिंग में चौथा चीन अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एक्सपो (CISCE) आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) के पत्रकारों ने कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के करीब 20 वरिष्ठ अधिकारियों और अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य मंडलों के प्रमुखों का साक्षात्कार लिया। चीन की आपूर्ति श्रृंखला और कारोबारी माहौल पर चर्चा करते हुए इन प्रतिनिधियों ने चीन की नीतियों और निवेश वातावरण की खुलकर सराहना की।

जर्मन कंपनी टीयूवी राइनलैंड (TÜV Rheinland) ग्रुप की शांगहाई शाखा के कार्यकारी निदेशक लुत्ज़ फ्रैंकहोल्ज़ (Lutz Frankholz) ने बताया कि उनकी कंपनी एक बड़ी प्रयोगशाला स्थापित करने की योजना बना रही है, जिसके लिए विशेष प्रकार की जगह की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सरकार ने उपयुक्त स्थान खोजने में सक्रिय सहयोग किया और परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले संसाधन भी उपलब्ध कराए।

22 जून को CISCE के उद्घाटन के साथ ही चीन ने “विदेशी निवेश का उपयोग कर आर्थिक विकास की गुणवत्ता को स्थिर और बेहतर बनाने की कार्य योजना” जारी की। इस योजना के कई उपाय विदेशी निवेश वाली कंपनियों के साथ आयोजित मासिक गोलमेज बैठकों में उठाए गए सुझावों और मांगों पर आधारित हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2023 से अब तक 50 गोलमेज बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 2,000 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। निवेशकों का मानना है कि समस्याओं के समाधान पर आधारित यह व्यावहारिक दृष्टिकोण चीनी बाजार में उनके विश्वास को लगातार मजबूत कर रहा है।

डेनमार्क की जैव-औषधीय कंपनी नोवो नॉर्डिस्क (Novo Nordisk) के वैश्विक वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ग्रेटर चाइना की अध्यक्ष थ्साई यान ने कहा कि नई कार्य योजना ने चीन में निवेश को लेकर कंपनी का भरोसा और बढ़ाया है। उनके अनुसार, चीन की विभिन्न स्तरों की सरकारें विदेशी निवेश का न केवल स्वागत करती हैं, बल्कि इसे ठोस कदमों के जरिए भी साबित कर रही हैं। थ्साई यान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “कुछ साल पहले हमने तीन महत्वपूर्ण मांगें रखी थीं। पिछले तीन वर्षों में ये तीनों मांगें पूरी हो चुकी हैं। इससे बेहतर प्रमाण और क्या हो सकता है।”

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत से चीन ने विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें विदेशी निवेश को स्थिर करने की कार्य योजना, प्रोत्साहित उद्योगों की सूची का विस्तार और हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह में पूरे द्वीप स्तर पर सीमा शुल्क संचालन की व्यवस्था शामिल है। इन उपायों से विदेशी कंपनियों को अधिक अवसर, निवेश के विविध विकल्प और कारोबार में अधिक सुविधा मिली है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2025 तक 8,000 से अधिक विदेशी निवेशित उद्यमों ने चीन में अपना निवेश बढ़ाया, जो 2024 की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।

अमेरिकी कंपनी हनीवेल प्रोसेस ऑटोमेशन एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप चाइना के उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक सुन च्येननेंग (Sun Jianneng) ने कहा कि विदेशी कंपनियां स्पष्ट रूप से महसूस कर रही हैं कि चीन लगातार अपने खुलेपन का दायरा बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि चीन पारंपरिक आर्थिक खुलेपन से आगे बढ़कर संस्थागत खुलेपन की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। बढ़ती पारदर्शिता के कारण देश का कारोबारी माहौल विदेशी कंपनियों के लिए अधिक अनुकूल और भरोसेमंद बनता जा रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version