Site icon Dainik Savera Times

US में घरेलू विवाद बना खौफनाक: भारतीय महिला समेत 4 की हत्या, बच्चों ने अलमारी में छिपकर बचाई जान

four-people-including-indian-woman-shot-dead

four-people-including-indian-woman-shot-dead

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के कारण एक भारतीय महिला और उसके तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में सबसे डरावनी बात यह रही कि घर में मौजूद तीन छोटे बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए खुद को अलमारी में बंद कर लिया। यह घटना शुक्रवार तड़के जॉर्जिया के लॉरेंसविल शहर में हुई, जो अटलांटा के पास स्थित है।

आरोपी महिला का पति, पुलिस ने किया गिरफ्तार 

पुलिस के मुताबिक, हमला करने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का पति था। आरोपी की पहचान 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मरने वालों में विजय कुमार की पत्नी मीनू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) शामिल हैं। सभी को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को रात करीब 2:30 बजे 911 पर कॉल मिली। जब पुलिस घर पहुंची तो अंदर चारों वयस्क मृत पाए गए। जांच में सामने आया कि घटना के समय तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे। गोलीबारी से डरकर बच्चे अलमारी में छिप गए। उनमें से एक बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर दी, जिससे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच सकी। सौभाग्य से तीनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई। बाद में उन्हें परिवार के एक अन्य सदस्य की देखरेख में सौंप दिया गया।

भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताया 

अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने कहा कि पीड़ितों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है और शोक संतप्त परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, गंभीर हमला, बच्चों के साथ क्रूरता और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version