इंटरनेशनल डेस्क: लीबिया के पूर्व शासक कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। लीबियाई मीडिया के अनुसार, मंगलवार 3 फरवरी 2026 को उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई। सैफ अल-इस्लाम की उम्र 53 वर्ष थी।
बताया जा रहा है कि यह हमला लीबिया के जिंटान शहर में उनके घर पर हुआ। उनके वकील के अनुसार, चार हथियारबंद लोग अचानक घर में घुस आए और उन्होंने सैफ अल-इस्लाम पर गोलियां चला दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावरों को एक कमांडो यूनिट से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसने करवाया और इसके पीछे क्या वजह थी।
सैफ अल-इस्लाम को एक समय अपने पिता मुअम्मर गद्दाफी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता था। वे लीबिया की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा थे। उनके पिता ने 1969 से 2011 तक लीबिया पर शासन किया था, लेकिन 2011 में हुए जन विद्रोह के बाद गद्दाफी सरकार का अंत हो गया।
सैफ अल-इस्लाम ने साल 2000 के बाद लीबिया और पश्चिमी देशों के बीच रिश्ते सुधारने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय बातचीत का नेतृत्व किया और इन्हीं प्रयासों के चलते लीबिया ने अपना परमाणु कार्यक्रम छोड़ दिया था। इसके बाद देश पर लगे कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हटाए गए थे। इससे सैफ अल-इस्लाम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और राजनीतिक प्रभाव काफी बढ़ गया था, हालांकि वे किसी आधिकारिक सरकारी पद पर नहीं थे।
2011 में गद्दाफी सरकार गिरने के बाद सैफ अल-इस्लाम पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों को दबाने के आरोप लगे। इसके बाद जिंटान की एक मिलिशिया ने उन्हें पकड़ लिया और करीब छह साल तक जेल में रखा। साल 2015 में लीबिया की एक अदालत ने उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा भी सुनाई थी, जिससे वे लगातार विवादों में बने रहे।
सैफ अल-इस्लाम ने साल 2021 में लीबिया का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, देश में लगातार बनी अस्थिर स्थिति के कारण चुनाव टाल दिए गए थे। वे कई बार कह चुके थे कि वे सत्ता को विरासत में लेने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना था कि सत्ता कोई जमीन या संपत्ति नहीं है, जिसे आगे बढ़ाया जाए।
सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की हत्या के बाद लीबिया में एक बार फिर राजनीतिक तनाव और अस्थिरता बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...