चीन की राजधानी पेइचिंग में इस सप्ताहांत गणेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और गणपति बप्पा की धूम रही। इस समारोह में मराठी कम्युनिटी के लोगों के साथ-साथ अन्य प्रवासी भारतीयों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। उत्सव के मौके पर ढोल-ताशे व महाराष्ट्र के लोक नृत्य लेज़िम की थाप और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों की गूंज रही।
बीजिंग मराठी मित्र मंडल समूह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय रेस्टोरेंट ताज पैवेलियन में भगवान गणेश के स्वागत और उनकी मूर्ति स्थापना के साथ हुई। इस दौरान हुए धार्मिक अनुष्ठानों, मंत्रों और श्लोकों की ध्वनि से पूरा वातावरण बेहद पवित्र और गणेशमय हो गया। इस अवसर पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जिनमें नृत्य और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति, नाटक, भक्ति गीत, श्लोक उच्चारण और बच्चों द्वारा गणेश जन्म कथा वाचन ने वहां मौजूद भारतीयों और विदेशियों का मन मोह लिया। इस उत्सव में भारत और गणेश संबंधित प्रश्नोत्तरी, बच्चों के लिए आर्ट प्रतियोगिता और प्रसाद बनाने की प्रतियोगिता भी शामिल रही। कार्यक्रम में मौजूद एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट बैंक(एआईआईबी) के उपाध्यक्ष अजय भूषण पांडे ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इस उत्सव का समापन एक प्रतीकात्मक विसर्जन समारोह के साथ हुआ, जिसमें अगले वर्ष और भी अधिक उत्साह के साथ लौटने का वादा किया गया। बता दें कि बीजिंग में रहने वाले भारतीयों के लिए, गणेशोत्सव केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं है, बल्कि उनकी सांस्कृतिक पहचान की एक महत्वपूर्ण पुष्टि और विदेशी धरती पर दोस्ती का एक सुंदर पुल है।
गणेशोत्सव के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली केतकी मकरंद ठकार ने सीजीटीएन संवाददाता अनिल पांडेय को बताया कि यह कार्यक्रम भगवान गणेश की एक भव्य और सुसज्जित मूर्ति की स्थापना पर आधारित था। इसका उद्देश्य नयी पीढ़ी को अपनी परंपरा के बारे में शिक्षित करने और जोड़ने के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में भारतीय उत्सवों के बारे में जागरूकता फैलाना था। बता दें कि गणेशोत्सव यानी भगवान गणेश का जन्मोत्सव वैसे तो पूरे भारत में मनाया जाता है। लेकिन महाराष्ट्र में इसकी अलग ही रौनक देखने को मिलती है। यह महोत्सव गणेश चतुर्थी से शुरू होकर अनंत चतुर्थी तक दस दिन तक मनाया जाता है।
ये भी पढ़ें- अब सिर्फ 1.5 लाख में बन जाएगा सपनों का घर, NTPC लेकर आई नई तकनीक
(प्रस्तुति- अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, बीजिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...