Gaza Israel War : गाजा पट्टी में इज़रायली सेना के हवाई हमलों में कम से कम 34 फिलिस्तीनी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। नागरिक सुरक्षा प्रवक्ता महमूद बस्सल ने शनिवार को बताया कि इजरायली सेना ने तटीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कई आवासीय घरों, सभाओं और विस्थापित लोगों के तंबुओं को निशाना बनाया।
गाजा पर इजरायली हवाई हमलें में लोगों की मौत
उन्होंने बताया कि गाजा शहर के पश्चिम और दक्षिण में दो घरों पर इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए। वहीं, उत्तरी गाजा पट्टी के बेत हनून में दो इजरायली ड्रोन हमलों में तीन और लोग मारे गए, जबकि मध्य गाजा पट्टी के अल-जवैदा शहर में एक घर को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हवाई हमले में दो लोग मारे गए।
इजरायल ने एक कैफे को बनाया निशाना
श्री बासल के अनुसार, डेर अल-बलाह शहर में एक कैफे पर इजरायली हवाई हमले में चार लोग मारे गए तथा मध्य गाजा पट्टी में मघाजी शरणार्थी शिविर के उत्तर में एक फिलिस्तीनी सभा पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए। उन्होंने बताया कि मध्य गाजा पट्टी के अल-जवैदा शहर में एक सभा को निशाना बनाकर की गई इजरायली गोलाबारी में सात और लोग मारे गए तथा दक्षिण में खान यूनिस के पश्चिम में अल-मवासी क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति मारा गया।
गाजा में मरने वालों की कुल संख्या 51,495
इस बीच, गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि 18 मार्च को इजरायल द्वारा अपना गहन सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के बाद से कम से कम 2,111 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 5,483 घायल हुए हैं। इससे अक्टूबर 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा में मरने वालों की कुल संख्या 51,495 हो गई है, और कुल 117,524 लोग घायल हुए हैं।

