Site icon Dainik Savera Times

लॉस एंजिल्स में वैश्विक AI फिल्म और टेलीविजन कार्य संग्रह अभियान शुरू

Global AI film : स्थानीय समयानुसार 22 अगस्त को, “मानवता का उज्ज्वल भविष्य” विषय पर केंद्रित एक वैश्विक AI फिल्म और टेलीविजन कार्य संग्रह अभियान का शुभारंभ समारोह अमेरिका के हॉलीवुड में आयोजित हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन का सह-आयोजन चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) और न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी ने मिलकर किया।

इस समारोह में सीएमजी के महानिदेशक शन हाईश्योंग ने एक लिखित भाषण दिया, जबकि अमेरिका में चीनी राजदूत श्ये फंग ने वीडियो के माध्यम से अपना संबोधन दिया। न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी के उपाध्यक्ष सन्नी काल्डेरोन सहित चीन और अमेरिका के फिल्म और AI क्षेत्र से 100 से अधिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस समारोह में सीएमजी का मूवी लोगो भी पहली बार हॉलीवुड में प्रदर्शित किया गया, जो एक ऐतिहासिक क्षण था।

अपने लिखित भाषण में, सीएमजी महानिदेशक शन हाईश्योंग ने इस पहल को एआई-सक्षम फिल्म और टेलीविजन निर्माण में एक अभिनव प्रयोग बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया भर के युवा फिल्म और टेलीविजन को एक माध्यम के रूप में और एआई को एक उपकरण के रूप में इस्तेमाल करके अपनी कल्पना और रचनात्मकता का उपयोग कर एक ऐसी भविष्य की दुनिया को चित्रित करेंगे जो तकनीक से सशक्त, सांस्कृतिक रूप से विविध और सामंजस्यपूर्ण रूप से सह-अस्तित्व वाली हो।

इसके अलावा, शन ने इस आयोजन को आदान-प्रदान और आपसी सीख का एक मंच बताया, जहाँ एआई सभ्यताओं के बीच संवाद को सुगम बनाता है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार, विश्व स्तरीय मीडिया के रूप में, सीएमजी दुनिया भर के मित्रों के साथ मिलकर एआई के विकास और शासन को बढ़ावा देने के लिए फिल्म और टेलीविजन को एक कड़ी और एआई को एक सेतु के रूप में उपयोग करना चाहता है।

वहीं, अमेरिका में चीनी राजदूत श्ये फंग ने अपने वीडियो संबोधन में कहा कि जब फिल्में और टेलीविजन कृत्रिम बुद्धिमत्ता से मिलते हैं, तो अनंत नई संभावनाएँ पैदा होती हैं। उन्होंने इस अभियान के विषय, “मानवता का उज्ज्वल भविष्य” की सराहना करते हुए कहा कि यह एआई पर संयुक्त रूप से चर्चा करने और एक बेहतर, बुद्धिमान भविष्य की ओर बढ़ने की सामान्य इच्छा को दर्शाता है।

उधर, न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी के उपाध्यक्ष सन्नी काल्डेरोन ने कहा कि हर तकनीकी नवाचार ने कहानी कहने की कला को नया रूप दिया है। उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी का मानना ​​है कि एआई कोई प्रतिस्थापन नहीं, बल्कि एक सहयोगी है, जो कलाकारों को अपनी सोच का विस्तार करने और पहले से अकल्पनीय रचनात्मक विचारों को तलाशने का साहस देता है। इसी कारण, यह अभियान युवा रचनाकारों को एआई उपकरणों का उपयोग करने के लिए आमंत्रित करता है, ताकि वे मानव कल्पना को एक नई दिशा दे सकें।

इस कार्यक्रम के दौरान “मानवता का उज्ज्वल भविष्य” वैश्विक एआई फिल्म और टेलीविजन कार्य संग्रह गतिविधि के नियमों और प्रक्रियाओं की आधिकारिक घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त, सीएमजी मूवी लोगो का परिचय दिया गया और सीएमजी द्वारा निर्मित कई एआई लघु फिल्में प्रदर्शित की गईं।

अब तक, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, जर्मनी, स्पेन, जापान, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, भारत और मलेशिया सहित 32 देशों और क्षेत्रों के 723 मुख्यधारा मीडिया ने इस कार्यक्रम की रिपोर्टिंग की है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version