Site icon Dainik Savera Times

COP15: वैश्विक आर्द्रभूमि संरक्षण पर ऐतिहासिक सहमति

Global wetland conservation

Global wetland conservation

Global wetland conservation : जिम्बाब्वे के विक्टोरिया फॉल्स शहर में, रामसर कन्वेंशन के 15वें सम्मेलन (COP15) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। सम्मेलन में शामिल सभी देशों ने मिलकर वैश्विक आर्द्रभूमि के प्रबंधन और संरक्षण को मज़बूत करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। इस सम्मेलन का मुख्य परिणाम ‘विक्टोरिया फॉल्स घोषणापत्र’ रहा, जिसमें आर्द्रभूमि के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए आवश्यक संसाधनों और राजनीतिक प्रतिबद्धता को बढ़ाने का आह्वान किया गया है।

चीन सहित कई देशों द्वारा संयुक्त रूप से पेश किए गए दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अपनाया गया। इन प्रस्तावों में प्रवासी पक्षियों के उड़ान मार्गों और उनके आवासों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई को मज़बूत करने का ज़िक्र है। साथ ही, आर्द्रभूमि के संरक्षण, प्रबंधन और उपयोग के लिए आधुनिक तकनीकों और पारंपरिक ज्ञान के बेहतर समन्वय पर भी ज़ोर दिया गया है।

यह सम्मेलन 24 से 31 जुलाई तक चला, जिसका मुख्य विषय “आर्द्रभूमियों का संरक्षण, साझा भविष्य का निर्माण” था। इस बैठक का उद्देश्य पारिस्थितिक संतुलन, जैव विविधता को बनाए रखने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में आर्द्रभूमियों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना था। इस दौरान, चीनी प्रतिनिधिमंडल ने अपने देश की पारिस्थितिक संरक्षण की सफलताओं को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी भी आयोजित की, जिसमें लगभग 3,000 लोगों ने रुचि दिखाई।

(साभार – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version