
Goldie Brar: अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 47 लाख रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है।
FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का उत्तर अमेरिका में प्रमुख संचालक है। एजेंसी ने उसके खिलाफ चल रही कार्रवाई को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ का हिस्सा बताया है।
FBI ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, “FBI सतिंदरजीत सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर तक का इनाम दे रही है। सतिंदरजीत सिंह पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह से जुड़े होने का आरोप है, जिसे ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत निशाना बनाया गया है।”
OPERATION HARD BALL: The latest in this @FBI‘s successful mission with the interagency to crush organized crime networks.
Today with our brilliant law enforcement partners across the country – as well as in Canada, Europe, India and Mexico – we arrested 24 subjects and charged… pic.twitter.com/fnbymq9jJL
— FBI Director Kash Patel (@FBIDirectorKash) July 7, 2026
अमेरिका और कनाडा में आपराधिक गतिविधियां
FBI के अनुसार, यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमेरिका और कनाडा में कथित तौर पर कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। इनमें राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। एजेंसी का दावा है कि सतिंदरजीत सिंह अमेरिका में रहता है और उत्तर अमेरिका में इस समूह की गतिविधियों का कथित तौर पर नेतृत्व करता है। उसके संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको से बताए गए हैं।
हत्या की साजिश रचने का आरोप
FBI की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिकी प्रशासन ने हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। अमेरिकी अदालत में दाखिल सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, दोनों पर विदेश और जेल से बैठकर हत्या की योजना बनाने तथा शूटरों को निर्देश देने का आरोप है।
निज्जर की गोली मारकर हत्या
जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों के निर्देश पर दो हमलावरों ने गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले की जांच अमेरिका और कनाडा की एजेंसियां विभिन्न स्तरों पर कर रही हैं। हालांकि, आरोपों पर गोल्डी बराड़ या लॉरेंस बिश्नोई की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करना
FBI ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास गोल्डी बराड़ के ठिकाने या गतिविधियों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी हो तो वह एजेंसी से संपर्क करे। एजेंसी का कहना है कि इस इनाम का उद्देश्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और संगठित अपराध नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...