
Greening Project in Shitsang : शीत्सांग (तिब्बत) स्वायत्त प्रदेश ने 17 मार्च को उत्तर-दक्षिण पर्वत हरियाली परियोजना के कार्यान्वयन की समीक्षा और 2025 के लिए कार्य योजना को बेहतर करने की बैठक आयोजित की। इस बैठक से मिली जानकारी के अनुसार, साल 2022 से 2024 तक पिछले तीन वर्षों में ल्हासा में इस परियोजना के तहत बड़े पैमाने पर वनरोपण का काम हुआ है। इस दौरान कुल 46.7 हज़ार हेक्टेयर क्षेत्र में पेड़ लगाए गए और विभिन्न प्रजातियों के 11.4 करोड़ पौधों का रोपण किया गया।
परियोजना में लगाए गए पौधों की जीवित रहने की दर भी काफी अच्छी रही है। बताया गया कि वनरोपण की औसत उत्तरजीविता दर करीब 85% है, जबकि कुछ इलाकों में यह 90% से भी ज्यादा है। स्थानीय झाड़ियां तेजी से बढ़ रही हैं और वन तथा घास के मैदानों का दायरा काफी विस्तार ले चुका है। ल्हासा के आसपास के क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों के किनारे हरियाली में खासी बढ़ोतरी हुई है। इससे शहर के चारों ओर जंगल जैसा नजारा उभरने लगा है।
इस परियोजना के तहत अब तक 2,667 हेक्टेयर क्षेत्र में 65 ऐसी नर्सरियां बनाई गई हैं, जो पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित करती हैं। शीत्सांग में सरकार के सभी स्तरों ने इस परियोजना को मजबूत करने के लिए निवेश के तरीकों में सुधार किया है। इसे वार्षिक बजट का हिस्सा बनाया गया है और अब तक कुल 4 अरब 69 करोड़ 70 लाख युआन का निवेश किया जा चुका है।
इसके साथ ही, परियोजना ने स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए रास्ते भी खोले हैं। कार्यान्वयन शुरू होने के बाद से 72 लाख किसानों और चरवाहों ने इसमें हिस्सा लिया है। उन्होंने पौधों को उगाने, उनकी देखभाल करने और बेचने जैसे कामों के जरिए 2.5 अरब युआन से ज्यादा की अतिरिक्त कमाई की है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...