Site icon Dainik Savera Times

चीन में बढ़ते ग्रामीण पर्यटन देता है ग्रामीण पुनरोद्धार में योगदान

“नए युग में ग्रामीण पुनरोद्धार के लिए विशिष्ट कृषि उत्पादों और ग्रामीण पर्यटन के विकास की आवश्यकता है।” यह बात चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की है। साल 2025 की शुरुआत से ही, पूरे चीन में ग्रामीण पर्यटन बाज़ार लगातार तेज़ी से विकसित हो रहा है। देश भर में विभिन्न स्थानीय सरकारों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कृषि, संस्कृति और पर्यटन के गहन एकीकरण को बढ़ावा दिया, अधिक नए उत्पादों व अच्छी सेवाओं का उपयोग करके पर्यटकों को ग्रामीण इलाकों में रहने और खेलने के लिए आकर्षित किया। ग्रामीण पर्यटन से ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापक पुनरोद्धार में मदद मिलती है।

इन दिनों, दक्षिण पश्चिमी चीन के क्वेइचो प्रांत के लिफिंग काउंटी स्थित चाओशिंग कस्बे में तोंग जातीय गांव में एक ग्रामीण गीत प्रतियोगिता चल रही है। इसमें विशिष्ट तोंग जातीय लोकगीतों, पीपा वाद्ययंत्र की धुनों आदि का प्रदर्शन हो रहा है, जो आगंतुकों के लिए जातीय संस्कृति का एक अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है। इस वर्ष मार्च में, शी चिनफिंग ने निरीक्षण दौरे के लिए इस गांव में आए। उन्होंने गांव की सड़क पर चलते हुए परिदृश्य और पर्यटन सेवा की दुकानों की स्थिति से जायजा लिया और कभी-कभी रुक कर दुकानदारों, पर्यटकों और गांववासियों के साथ बातचीत की। शी ने कहा कि पर्यटन अब एक विशाल उद्योग बन गया है और ग्रामीण पर्यटन का विकास ज़ोरों पर है। जातीय क्षेत्रों को अपनी अनूठी संस्कृति को संरक्षित रखते हुए पर्यटन में अपनी चमक दिखानी चाहिए।

इस गर्मी में, चाओशिंग तोंग जातीय गांव ने 30 से ज़्यादा अमूर्त सांस्कृतिक विरासत अनुभव और अध्ययन कार्यक्रम शुरू किए, जिससे रेस्टोरेंट, होमस्टे और स्थानीय विशेषता वाले उत्पादों की खपत बढ़ी। चीन एक प्रमुख कृषि प्रधान देश है और देश में ग्रामीण पर्यटन के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 18वीं राष्ट्रीय कांग्रेस (नवंबर 2012) के बाद से, शी चिनफिंग निरीक्षण और जांच के लिए बार-बार ग्रामीण क्षेत्र आए और स्थानीय गांववासियों के साथ ग्रामीण विकास और पुनरोद्धार पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीण पर्यटन का विकास स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप होने पर प्रकाश डाला और स्थानीय लोगों को ग्रामीण पर्यटन के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने के लिए हरित पारिस्थितिक संसाधन, जातीय संस्कृति जैसे अपने अद्वितीय लाभों पर भरोसा करने को प्रोत्साहित किया।

आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष की पहली तिमाही में, चीन में ग्रामीण पर्यटन आगंतुकों की कुल संख्या 70.7 करोड़ तक पहुंच गई, और कुल पर्यटन आय 412 अरब युआन था। साल 2024 के अंत तक, चीन के सभी 30 हज़ार से अधिक कस्बों और 5 लाख से ज्यादा प्रशासनिक गांवों में पक्की सड़कें उपलब्ध हुई, 94 फीसदी ग्रामीण निवासियों को स्वच्छ जल और 75 फीसदी को साफ-सुथरे शौचालय मिले। इसके साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में नए डिजिटल बुनियादी ढांचे का निर्माण तेजी से हो रहा है, इंटरनेट और मोबाइल भुगतान जैसी प्रौद्योगिकियों के व्यापक अनुप्रयोग ने ग्रामीण पर्यटन की सुविधा और आराम को और बढ़ा दिया है। वर्तमान में, चीन में प्रमुख ग्रामीण पर्यटन गांवों और कस्बों की संख्या क्रमशः 1,399 और 198 तक पहुंच गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापक पुनरोद्धार में नई जीवन शक्ति का संचार हुआ है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version