इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में अब तक कम से कम दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे यूनिवर्सिटी इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं, लेकिन अभी तक घटना से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को यूनिवर्सिटी के आसपास के इलाके में कई लोगों को गोली मारी गई। इसके तुरंत बाद ब्राउन यूनिवर्सिटी ने शूटर अलर्ट जारी किया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी से कहा कि वे घरों और इमारतों के अंदर ही रहें और बाहर न निकलें।
ये भी पढ़ें: एक सप्ताह में 17,000 रुपए महंगी हुई चांदी, सोने की भी बढ़ी कीमतें, जानें कारण
यूनिवर्सिटी के इमरजेंसी नोटिफिकेशन सिस्टम के जरिए पहले यह जानकारी दी गई थी कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, लेकिन कुछ समय बाद इस बयान में बदलाव किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय नेता जॉन गोंसाल्वेस ने बताया कि हालात को लेकर लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अपने दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने की अपील की। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक भी व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, गोलीबारी यूनिवर्सिटी के बारस और हॉली बिल्डिंग के पास हुई। यह एक सात मंजिला इमारत है, जहां स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग और भौतिकी विभाग स्थित हैं। इस इमारत में 100 से ज्यादा लैब, कई क्लासरूम और ऑफिस हैं। घटना के समय यहां इंजीनियरिंग डिजाइन की परीक्षा चल रही थी, जिससे छात्रों और शिक्षकों में डर का माहौल बन गया।
इस गंभीर घटना की जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा एजेंसियां इलाके को सुरक्षित करने में लगी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: Horoscope 14 Dec 2025: व्यापार, सेहत और नौकरी को लेकर क्या कहते है आपके सितारे, जानें…

