Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bangladesh में दंगों के दौरान संयुक्त राष्ट्र के चिह्न वाले वाहन तैनात करने पर Guterres ने जताई चिंता

July 23, 2024

Bangladesh में दंगों के दौरान संयुक्त राष्ट्र के चिह्न वाले वाहन तैनात करने पर Guterres ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने उन रिपोर्टों पर गंभीर चिंता जताई है जिनमें कहा गया है कि बांग्लादेश में अधिकारियों ने दंगों के दौरान संयुक्त राष्ट्र के चिह्न वाले वाहन तैनात किए थे।एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने सोमवार को कहा कि वहां मौजूद संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के कर्मचारियों ने संयुक्त राष्ट्र के चिह्न वाले वाहनों के बारे में रिपोर्ट देखी है, जिनका इस्तेमाल पिछले कुछ दिनों में बांग्लादेश में हुए घटनाक्रमों के दौरान किया गया हो सकता है।

उन्होंने कहा कि यूएन सैनिकों और पुलिस में योगदान देने वाले देशों को संयुक्त राष्ट्र के प्रतीक चिन्ह का प्रयोग तभी करना चाहिए जब वे संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना या संयुक्त राष्ट्र राजनीतिक मिशन के तहत अनिवार्य रूप से कार्य कर रहे हों। उन्होंने कहा, ‘इस संबंध में हमारी गंभीर चिंता को हमारे सहयोगियों की ओर से बांग्लादेश में संबंधित प्राधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।‘

संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में 5 हजार 859 सैनिकों के साथ बांग्लादेश के पास संयुक्त राष्ट्र चिह्न वाले वाहन और उपकरण हैं। इसका उपयोग अन्य देशों में किया जा सकता है, जहां उसके कर्मी विश्व संगठन के मिशनों पर तैनात हैं। वर्तमान संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में कर्मयिों का योगदान देने वाला बांग्लादेश तीसरा सबसे बड़ा देश है। स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस उन रिपोर्टों से बहुत चिंतित हैं, जिनमें कहा गया है कि बांग्लादेश में हिंसा में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि महासचिव ने बांग्लादेश में नौकरियों में आरक्षण कम करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले तथा छात्र समूहों द्वारा 48 घंटे के लिए अपना आंदोलन स्थगित करने के फैसले के बारे में रिपोर्ट देखी है। प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, ‘उन्हें पूरी उम्मीद है कि ये दोनों फैसले बातचीत के लिए अनुकूल माहौल बनाने में मदद करेंगे। उन्होंने सभी पक्षों से हिंसा से बचने और सद्भावना से बातचीत करने का आग्रह किया है।‘

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें