Site icon Dainik Savera Times

हान चेंग ने 2026 विश्व डिजिटल शिक्षा सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया

China News

China News

11 मई को चीन के चच्यांग प्रांत की राजधानी हांगचो में आयोजित 2026 विश्व डिजिटल शिक्षा सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में चीनी उपराष्ट्रपति हान चेंग ने भाग लिया और संबोधन दिया।

हान चेंग ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई जैसी डिजिटल प्रौद्योगिकियां तेज़ी से विकसित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग शिक्षा के क्षेत्र पर एआई के गहरे प्रभाव को बहुत महत्व देते हैं। साथ ही, वे उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभाओं के विकास के लिए सभी शैक्षिक स्तरों और पूरे समाज में एआई की व्यापक शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हैं।

उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में चीन राष्ट्रीय डिजिटल शिक्षा रणनीति को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहा है। डिजिटल तकनीक की मदद से शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की गति तेज़ की जा रही है। चीन दुनिया भर के विद्यार्थियों के साथ उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल शिक्षा संसाधन साझा कर रहा है और सभी पक्षों के सहयोग से अधिक न्यायसंगत, समावेशी और सतत वैश्विक डिजिटल शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण को बढ़ावा दे रहा है।

हान चेंग ने यह भी कहा कि एआई और अन्य डिजिटल प्रौद्योगिकियों का शिक्षा के साथ एकीकरण वैश्विक शिक्षा विकास के लिए एक बड़ा अवसर है, लेकिन इसके साथ कई साझा चुनौतियां भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि चीन डिजिटल शिक्षा के विकास, उसके शासन मॉडल और संबंधित नियमों व मानकों को बेहतर बनाने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है, ताकि डिजिटल शिक्षा में सुधार और नवाचार को आगे बढ़ाया जा सके।

सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में स्विट्जरलैंड के संघीय राष्ट्रपति और आर्थिक मामलों, शिक्षा तथा अनुसंधान विभाग के प्रमुख गाय पारमेलिन ने वीडियो संदेश दिया। वहीं, यूनेस्को के महानिदेशक खालिद अल-एनानी भी समारोह में उपस्थित रहे और उन्होंने संबोधन दिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version