Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

Turkey-Syria में चार लाख भूकंप पीड़ितों के लिए भेजी गई स्वास्थ्य आपूर्ति : WHO

February 11, 2023

Turkey-Syria में चार लाख भूकंप पीड़ितों के लिए भेजी गई स्वास्थ्य आपूर्ति : WHO

जिनेवाः विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि उसने तुर्की और सीरिया में शक्तिशाली भूकंप से प्रभावित लगभग चार लाख लोगों के लिए स्वास्थ्य सामग्रियां भेजी है। डब्लूएचओ ने एक वक्तव्य में बताया कि तुर्की और सीरिया को विनाशकारी भूकंप ने बहुत प्रभावित किया है, जिसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दोनों देशों को उपचार सहित 72 टन आघात और आपातकालीन सर्जरी से संबंधत सामग्री की आपूर्ति की है। डब्लूएचओ की पहली दो उड़ानों के माध्यम से तुर्की और सीरिया में एक लाख लोगों के लिए 72 टन जीवन रक्षक सामग्री की आपूर्ति की गई है।

उसने बताया कि तीसरी उड़ान तीन लाख और लोगों के लिए 37 टन आपातकालीन स्वास्थ्य आपूर्ति के साथ रविवार को सीरिया पहुंचने वाली है। तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘जीवित बचे लोग ठंड और भूकंप के बाद लगातार आ रहे झटकों का सामना कर रहे हैं और आश्रय, भोजन, पानी एवं चिकित्सा देखभाल तक उनकी पहुंच बहुत सीमित हैं।’’ डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस अदनोम गेब्रएसस ने कहा कि हम पीड़तिों के जीवन की रक्षा करने के लिए समय के खिलाफ दौड़ लगा रहे हैं।

इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रिसेंट सोसाइटीज (आईएफआरसी) ने भी राहत अभियानों का समर्थन जारी रखने का संकल्प लिया है क्योंकि जीवित बचे लोग हताशा और बाधाओं का सामना कर रहे हैं। आईएफआरसी के महासचिव जगन चपगेन ने ट्विटर पर कहा कि आपदा से जीवित बचे लोग अकेले नहीं हैं।

गौरतलब है कि दक्षिणी तुर्की में सोमवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों में 20 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि 80 हजार से ज्यादा लोग घायल हो गए। भूकंपों का केंद्र कहरामनमारस प्रांत रहा है और इसकी तीव्रता 7.7 और 7.6 रही है और इसने अदाना, अदियामन, दियारबाकिर, हाटे, किलिस, माल्टा सहित 10 तुर्की के प्रांतों में लगभग 1.3 करोड़ लोगों को प्रभावित किया है। पड़ोसी देश सीरिया में भी भूकंप से मरने वालों की संख्या 3,300 से ज्यादा हो गई है और 5,200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें