Site icon Dainik Savera Times

Philippines में भारी बारिश और बाढ़ का कहर, 32 लोगों की मौत, 24 Missing

मनीलाः फिलीपीन में भारी बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं में करीब 32 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 अन्य लापता हैं। आपदा संबंधी राष्ट्रीय एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी हैं। पूर्वी, मध्य और दक्षिणी फिलीपीन में खराब मौसम के कारण क्रिसमस का जश्न फीका पड़ गया। वहां 56,000 से अधिक लोग अब भी आपातकालीन आश्रयों में हैं। दक्षिणी प्रांत मिसामिस ऑक्सिडेंटल से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बचाव कर्मी एक प्लास्टिक की कुर्सी पर एक बुजुर्ग महिला को ले जाते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में बचाव कर्मी कुछ लोगों को रस्सी की मदद से बाढ़ ग्रस्त इलाके से बाहर खींचते भी दिखाई दे रहे हैं।

‘नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट काउंसिल’ के अनुसार, जान गंवाने वाले 32 लोगों में से 18 उत्तरी मिंडानाओ के थे, जबकि लापता 24 में से 22 लोग मध्य फिलीपीन तथा पूर्वी बिकोल क्षेत्र के पूर्वी विसाया से ताल्लुक रखते हैं। अधिकतर लोगों की मौत डूबने की वजह से हुई और लापता लोगों में ज्यादातर मछुआरे हैं, जिनकी नौकाएं पलट गईं।

एक एजेंसी के मुताबिक, बाढ़ के कारण चार हजार से अधिक मकानों के साथ-साथ सड़क व पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई इलाकों में बिजली व पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में बाढ़ से प्रभावित कुछ इलाकों में हल्की से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

 

Exit mobile version