Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला, अंदर मौजूद थे पुजारी और श्रद्धालु; जांच जारी

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के ओहियो राज्य से हिंदू समुदाय से जुड़ी एक चिंताजनक घटना सामने आई है। ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके में स्थित एक हिंदू मंदिर को कुछ उपद्रवियों ने निशाना बनाया। हमलावरों ने मंदिर की ओर ईंटें फेंकीं, जिससे वहां की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी के साथ कई श्रद्धालु भी मौजूद थे।

रिचमंड हाइट्स में मंदिर को बनाया निशाना

यह घटना शुक्रवार दोपहर ओहियो के रिचमंड हाइट्स इलाके में हुई। यहां स्थित श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम पर ईंटों से हमला किया गया। घटना की जानकारी हिंदू संगठनों की ओर से सामने आई है। बताया गया है कि हमलावरों ने मंदिर की इमारत पर ईंटें फेंकीं। इससे मंदिर की खिड़कियों के कांच टूट गए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमले में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

CoHNA ने की कार्रवाई की मांग

‘कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (CoHNA) ने घटना की निंदा करते हुए स्थानीय प्रशासन से मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है। संगठन ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस की ओर से किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।

हिंदू हेरिटेज मंथ के दौरान हुई घटना

CoHNA के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में हिंदू समुदाय ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ की शुरुआत कर रहा है। इसके अलावा हिंदू समुदाय जल्द ही नवरात्रि का त्योहार भी मनाने वाला है। ऐसे समय में मंदिर पर हमले की घटना को लेकर समुदाय के बीच चिंता जताई जा रही है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं

CoHNA ने अपने बयान में अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने की कुछ पिछली घटनाओं का भी जिक्र किया। संगठन के अनुसार, दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क में स्थित SMVS श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और नफरत भरे संदेश लिखे गए थे। वहीं सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क के मेलविले और कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो इलाके में BAPS मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं और मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चाइनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर को भी कथित तौर पर नफरत भरे संदेश लिखकर नुकसान पहुंचाया गया था।

इन घटनाओं के बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय और हिंदू समुदाय के लोगों के बीच धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। रिचमंड हाइट्स के मंदिर पर हुए ताजा हमले की पुलिस जांच कर रही है और अब यह देखना होगा कि इसके पीछे कौन लोग थे और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Exit mobile version