Site icon Dainik Savera Times

हूती समूह ने किया इजराइल पर मिसाइल अटैक, Ben Gurion Airport को बनाया निशाना

इंटरनेशनल डेस्क: यमन के विद्रोही हूती समूह और इजरायल के बीच तनाव एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। हूती आंदोलन ने इजरायल के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बेन गुरियन एयरपोर्ट पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागने की जिम्मेदारी ली है। यह दावा हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने अल-मसीरा टीवी चैनल पर किया।

सरिया के अनुसार, “हमने तेल अवीव में स्थित बेन गुरियन हवाई अड्डे को दो बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया, जिनमें से एक मिसाइल हाइपरसोनिक तकनीक पर आधारित थी। हमारी मिसाइलों में से एक ने सीधे हवाई अड्डे को टारगेट किया और इजरायली डिफेंस सिस्टम उसे रोकने में असमर्थ रहा।”

हूती प्रवक्ता ने यह भी चेतावनी दी कि जब तक इजरायली हमले जारी रहेंगे, हवाई यातायात पर उनका प्रतिबंध प्रभावी रहेगा और अन्य एयरलाइन कंपनियों को भी उड़ानें रद्द करने की सलाह दी गई है।

-इजरायल का खंडन

दूसरी ओर, इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा है कि उन्होंने यमन की दिशा से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक मार गिराया। हालांकि, IDF ने हूती समूह द्वारा दावे किए गए दूसरे हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

-जवाबी कार्रवाई में यमन के बंदरगाहों पर हमला

इससे पहले दिन में, इजरायली सेना ने यमन के होदेइदाह प्रांत में स्थित तीन प्रमुख बंदरगाहों पर हवाई हमले किए थे, जो हूती नियंत्रण में हैं। हूती मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इन हमलों में कई डॉक और सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुईं। इजरायली सेना ने इन हमलों को हूती द्वारा इजरायल पर किए गए पहले के हमलों का जवाब बताया है।

-क्षेत्रीय तनाव की पृष्ठभूमि

हूती विद्रोही, जो उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर नियंत्रण रखते हैं, नवंबर 2023 से इजरायली टारगेट्स और समुद्री जहाजों को निशाना बना रहे हैं। यह कार्रवाई गाजा में चल रहे इजरायल-हमास संघर्ष के समर्थन में की जा रही है। हूती नेतृत्व फिलिस्तीनी मुद्दे पर एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लगातार इजरायल विरोधी कदम उठा रहा है।

ये भी पढ़ें- बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 4 लोगों की गई जान

Exit mobile version