Site icon Dainik Savera Times

मिनी बस और ट्रक की हुई जबरदस्त टक्कर, 25 लोगों की मौत, 6 घायल

रियो डी जेनेरियोः ब्राजील के उत्तरपूर्वी राज्य बाहिया में पर्यटकों को ले जा रही एक मिनीबस और एक ट्रक के बीच टक्कर में 25 लोगों की मौत हो गई जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। राज्य के दमकल विभाग ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी दी। हादसा रविवार रात स्थानीय समयानुसार रात करीब साढ़े दस बजे साओ जोस डो जैकुइप शहर के पास एक राजमार्ग पर हुआ।

एक समाचार पत्र की खबर के अनुसार, मिनीबस बाहिया के उत्तरी तट पर पर्यटक स्थल ग्वाराजुबा समुद्र तट की यात्रा के बाद वापस जैकोबिना शहर की ओर जा रही थी। समाचार पत्र ने संघीय राजमार्ग पुलिस के हवाले से बताया कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर संभवत: उस वक्त हुई होगी जब वाहन एक दूसरे से आगे निकलने का प्रयास कर रहे होंगे। हालांकि, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

राजमार्ग पुलिस ने एसोसिएटेड प्रेस द्वारा जानकारी मांगे जाने के अनुरोध का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। जैकोबिना की नगर पालिका ने हादसे को लेकर तीन दिनों के शोक की घोषणा की और अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया कि वह शहर के जिमखाने में पीड़ितों के लिए एक सामूहिक प्रार्थना का आयोजन कर रही है।

Exit mobile version