Site icon Dainik Savera Times

‘मेरे अंदर एक आखिरी कोशिश की ताकत बची थी’ : Captain Smit Machchhar

यरूशलम : इसराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को कथित तौर पर कब्जे में लेने की कोशिश को नाकाम करने वाले पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट के अंदर के उन डरावने पलों के बारे में बताया है, जब उन्हें अहसास हुआ कि उनका को-पायलट उन पर हमला कर रहा है। इस घटना में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत के दौरान पूरी घटना बताई। नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसराइल के अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है।

कैप्टन मच्छार की बातें सुनने के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनके साहस की तारीफ की। नेतन्याहू ने कहा, मैं आपके साहस और इतने मुश्किल हालात में भी शांत रहकर सही फैसला लेने की आपकी क्षमता से हैरान हूं। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार ने जो किया, वह बेहद असाधारण था और किसी चमत्कार से कम नहीं था। उन्होंने कहा कि पायलट ने विमान में सवार लोगों की जान बचाने के अलावा उससे भी कहीं बड़ा काम किया है। नेतन्याहू ने कहा, आपने इतनी सारी जानें बचाईं। मुझे लगता है कि आपने इससे भी बड़ा कुछ बचाया है।

आपने दुनिया में यह भरोसा जगाया कि एक बहादुर पायलट और बहादुर यात्री इस बुराई का सामना कर सकते हैं, चाहे वह कितनी भी खतरनाक और हिंसक क्यों न हो। यही वजह है कि पूरी दुनिया में आपकी सही मायने में तारीफ हो रही है। उन्होंने कहा, आप इसराइल के हीरो हैं। आप भारत के हीरो हैं। आप पूरी दुनिया के हीरो हैं। नेतन्याहू ने अपने परिवार की ओर से भी पायलट के परिवार को शुभकामनाएं भेजी।

उन्होंने कहा, कृपया मेरी और मेरी पत्नी की ओर से अपनी पत्नी को भी शुभकामनाएं दीजिए। मैं जानता हूं कि आपका एक परिवार है और यह भी जानता हूं कि अब आप दुनिया के देशों के परिवार का हिस्सा हैं, और उसके एक बहादुर सदस्य हैं। कृपया जल्द से जल्द ठीक हो जाइए। बातचीत के आखिर में नेतन्याहू ने कैप्टन को फिर से इसराइल आने का न्यौता देते हुए कहा, हमें उम्मीद है कि हम आपको बहुत जल्द इसराइल में देखेंगे। मैं आपसे यहां दोबारा मिलने का इंतजार कर रहा हूं।

लेकिन इन हालात को देखते हुए मुझे लगता है कि यह यात्रा यादगार और ऐतिहासिक होगी। इसराइल के प्रधानमंत्री ने पायलट से कहा, आपने जो कुछ भी किया, उसके लिए आपका धन्यवाद। नेतन्याहू ने यूएई के एक अस्पताल में उपचार करा रहे 38 वर्षीय पायलट का हालचाल जाना। ‘लाउडस्पीकर मोड’ पर की गई इस कॉल का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

 

 

Exit mobile version