Site icon Dainik Savera Times

जेल में Imran Khan के 100 दिन पूरे, PTI ने अदालत से उनकी तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने का किया आग्रह

Al-Qadir Trust Case

Al-Qadir Trust Case

लाहौरः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जेल में 100 दिन पूरे होने पर उनकी पार्टी ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय से उनकी तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘हत्या के प्रयास में गोली मारे जाने से लेकर उनके घर पर हमला, तोड़फोड़, आंसू गैस का इस्तेमाल और अब अवैध रूप से एक छोटी सी कोठरी में कैद किए जाने से लेकर न्याय तक पहुंच से वंचित किए जाने तक, इमरान खान अपने सिद्धांतों तथा अपने हर शब्द और दावे पर कायम रहे हैं।’’

इमरान खान 26 सितंबर को जिला जेल अटक से स्थानांतरित किए जाने के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उन्हें तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पांच अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। गोपनीय दस्तावेज लीक होने के मामले में उनके करीबी सहयोगी और पूर्व विदेश मंत्री 67 वर्षीय शाह महमूद क़ुरैशी को भी इसी जेल में रखा गया है। खान और क़ुरैशी ने खुद को निदरेष बताया है।

पीटीआई ने कहा कि खान को अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने, गलत चीजों से समझौता न करने और संविधान की गरिमा की बहाली के लिए आवाज उठाने के कारण दंडित किया जा रहा है। इसने खान की तत्काल रिहाई की मांग की और कहा कि सरकार द्वारा की जा रही उनकी पार्टी को कुचलने की कवायद पर तुरंत अंकुश लगाया जाना चाहिए। इसने उच्चतम न्यायालय से देश को एक बड़ी आपदा से बचाने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि आम चुनाव आठ फरवरी, 2024 को होगा।

Exit mobile version