Dainik Savera Times

Pahalgam Terror Attack : भारत के खिलाफ जहर उगलना पड़ा भारी, पाकिस्तान रक्षा मंत्री का X अकाउंट बैन

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और कड़ा कदम उठाया है। पाकिस्तान के मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारत के खिलाफ भ्रामक और फर्जी खबरें फैलाए जाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए भारत ने सोशल मीडिया X (पूर्व में ट्विटर) पर कई पाकिस्तानी पत्रकारों और मीडिया संगठनों के अकाउंट्स पर बैन लगा दिया है। इसके साथ ही भारत सरकार ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का X अकाउंट बैन कर दिया है। दरअसल, ख्वाजा आसिफ ने कुछ दिनों पहले ही भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए थे। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

सेना के खिलाफ फर्जी प्रचार किया जा रहा 

आपको बता दें कि पाकिस्तान के मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से पाकिस्तान के ISPR (इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस) और ISI (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) से जुड़े पत्रकारों द्वारा फर्जी खबरों और गलत सूचना फैलाने की शिकायतें आई थीं। पाकिस्तान से भारतीय सुरक्षा बलों, खासकर भारतीय सेना के खिलाफ प्रचार किया जा रहा था, जिसके कारण भारत ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।

सोशल मीडिया X पर बैन

भारत सरकार ने पाकिस्तान के कई प्रमुख पत्रकारों और मीडिया संगठनों के सोशल मीडिया X अकाउंट्स पर बैन लगाया है। इन अकाउंट्स पर पाकिस्तान की ओर से जानबूझकर गलत सूचनाओं का प्रचार किया जा रहा था, जिससे भारत के खिलाफ नकारात्मक माहौल तैयार किया जा रहा था। इस कदम के तहत पाकिस्तान के कई प्रमुख पत्रकारों और मीडिया हाउसेज के सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक किया गया है, ताकि भारत के खिलाफ फैलने वाली गलत सूचनाओं को रोका जा सके।

पहले भी लगाए गए थे बैन

यह पहला मौका नहीं है, जब भारत ने पाकिस्तान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई की है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के कई प्रमुख न्यूज चैनल्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के यूट्यूब चैनल्स पर भी बैन लगा दिया था। भारत ने पाकिस्तान के GNN, Geo News, Dwan News, SAMAA TV जैसे प्रमुख यूट्यूब चैनल्स को बंद कर दिया था, क्योंकि इन चैनल्स पर पाकिस्तान की ओर से भारत विरोधी प्रचार और गलत सूचना फैलाई जा रही थी।

भारत का रुख और प्रभाव

भारत का यह कदम सोशल मीडिया पर भारतीय सुरक्षा बलों और सरकार के खिलाफ फैलने वाली झूठी खबरों और नफरत फैलाने वाले कंटेंट के खिलाफ स्पष्ट संदेश है। भारत ने साफ किया है कि वह किसी भी तरह की झूठी जानकारी को फैलने नहीं देगा, जो न सिर्फ भारतीय सेना के खिलाफ हो, बल्कि दो देशों के बीच तनाव को और बढ़ाए।

इससे पहले, भारत ने कई बार पाकिस्तान के मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक जानकारी फैलाने और आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर बैन लगाए जाने के इस कदम से यह भी संकेत मिलता है कि भारत अपने डिजिटल स्पेस की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और किसी भी प्रकार की गलत सूचना और नफरत फैलाने के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

भारत का यह कदम आतंकवाद और भ्रामक सूचना के खिलाफ अपनी सख्त नीति को और स्पष्ट करता है। सोशल मीडिया पर गलत खबरों के फैलने को रोकने के लिए यह एक अहम कदम है, जो न सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा बल्कि दोनों देशों के बीच शांति और सद्भाव को बनाए रखने के लिए भी जरूरी है।

Exit mobile version