Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

India-Canada Tension : कनाडा ने कुछ वीजा सेवाएं बहाल करने के भारत के फैसले का किया स्वागत

October 26, 2023

India-Canada Tension : कनाडा ने कुछ वीजा सेवाएं बहाल करने के भारत के फैसले का किया स्वागत

टोरंटोः खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या को लेकर पैदा हुए राजनयिक विवाद के बीच कनाडा (Canada) ने वीरवार से देश में कुछ वीजा सेवाएं बहाल करने के भारत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि यह कई कनाडाई नागरिकों के लिए ‘‘चिंताजनक समय’’ के बाद एक ‘‘अच्छा संकेत’’ है। कनाडा (Canada) में भारत के उच्चायोग ने बुधवार को कहा था कि वह वीरवार से कनाडा और अन्य देशों से आवेदन कर रहे कनाडाई नागरिकों के लिए कुछ श्रेणी की वीजा सेवाएं फिर शुरू करेगा। यह कदम सिख अलगाववादी निज्जर की हत्या को लेकर पैदा हुए राजनयिक विवाद के बीच कनाडाई नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित किए जाने के एक महीने से अधिक समय बाद उठाया जा रहा है।

ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की गई एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, कि ‘इस संबंध में कनाडा के कुछ हालिया कदमों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया है कि 26 अक्टूबर से प्रवेश वीजा, बिजनेस वीजा, मेडिकल वीजा, और कॉन्फ्रेंस वीजा श्रेणियों के लिए वीजा सेवाओं को फिर शुरू किया जाएगा।’’ ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में 18 जून को निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंट की ‘‘संभावित’’ संलिप्तता के संबंध में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पिछले महीने भारत और कनाडा के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद कनाडा और अन्य देशों में कनाडाई नागरिकों के लिए सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।

भारत (India) ने 2020 में निज्जर को आतंकवादी घोषित किया था। भारत ने ट्रूडो के आरोपों को ‘‘बेतुका’’ और ‘‘निहित स्वार्थों से प्रेरित’’ बताकर खारिज कर दिया था। कनाडा के आव्रजन मंत्री मार्क मिलर ने बुधवार को भारत के कदम को कई कनाडाई नागरिकों के लिए ‘‘चिंताजनक समय’’ के बाद ‘‘एक अच्छा संकेत’’ बताया।

सज्जन ने कहा, कि ‘यह जानकर अच्छा लगा कि उन्होंने इसे (सेवाएं) बहाल कर दिया है। यदि उन्होंने यह कदम उठाया ही नहीं होता, तो बेहतर होता।’’ उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि शादियों और अंत्येष्टि जैसे कार्यक्रमों के लिए भारतीय और कनाडाई आ-जा सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले की जांच कर रही है और ओटावा इस मामले में अब भी भारत की मदद चाहता है। उन्होंने कहा, ‘‘कनाडा और भारत के लोगों के बीच महत्वपूर्ण आपसी संबंध हैं और भारत द्वारा वीजा सेवाएं बहाल करने से परिवारों एवं कारोबारों के लिए दोनों देशों की यात्रा करना आसान हो जाएगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें