Site icon Dainik Savera Times

अरब सागर में नौसेना के जहाजों की टक्कर पर भारत सख्त, पाकिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स तलब

India takes tough stand on collision of naval ships Arabian Sea

India takes tough stand on collision of naval ships Arabian Sea

नई दिल्ली: भारत ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज डी’अफेयर्स (कार्यवाहक राजदूत) को विदेश मंत्रालय में तलब किया। मामला पाकिस्तानी नौसेना के गैर पेशेवर रवैए से जुड़ा है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

पाकिस्तान का हाईकमीशन तलब

एमईए के अनुसार, नई दिल्ली में पाकिस्तान के हाई कमीशन के चार्ज डी’अफेयर्स को आज विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। उनसे समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना की यूनिट्स के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस रवैए के कारण भारतीय नौसेना की एक यूनिट के साथ टक्कर हुई थी।

इसमें आगे बताया गया कि हालांकि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसेना का आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना पर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था।

‘संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें’

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स को सलाह दी गई कि वे “संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह बात पहुंचाएं कि ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सभी सैन्य यूनिट्स को उचित सावधानी बरतने को कहें और दोनों पक्षों के बीच संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।”

साथ ही इस्लामाबाद में भारत के चार्ज डी’अफेयर्स को भी निर्देश दिया गया है कि वे पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराएं। 15 सितंबर की शाम उत्तर अरब सागर में भारतीय नौसेना के एक फ्रंटलाइन युद्धपोत और पाकिस्तान नौसेना के एक जहाज के बीच टक्कर हो गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज एक नियमित निगरानी मिशन पर तैनात भारतीय युद्धपोत के बेहद करीब तेज गति से आया और इस दौरान उसने गैर-पेशेवर अंदाज अपनाया। इसी वजह से दोनों जहाजों की टक्कर हुई।

Exit mobile version