Site icon Dainik Savera Times

India-US Trade Deal: नई दिल्ली में आज होगी अहम बैठक, अमेरिका के दूत साथ लाए कई मांगें

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को लेकर आज एक अहम कड़ी जुड़ने जा रही है। अमेरिका की ओर से विशेष दूत ब्रेंडन लिंच सोमवार रात भारत पहुंच चुके हैं और आज वह वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध को तोड़ने की उम्मीद इस बैठक से लगाई जा रही है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच के दिल्ली पहुंचने पर भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता फिर से शुरू हुई।

टैरिफ विवाद बना चर्चा का केंद्र

भारत पर अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ के कारण खासतौर पर टेक्सटाइल और अन्य निर्यात आधारित उद्योगों पर असर पड़ा है। इससे न केवल उत्पादन प्रभावित हुआ है, बल्कि रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिला है। भारत इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाने वाला है।

अमेरिका की शर्तें: कृषि और डेयरी उत्पादों की एंट्री

अमेरिकी विदेश मंत्री होवार्ड लुटनिक पहले ही भारत पर यह आरोप लगा चुके हैं कि जब बात अमेरिका से आयात की होती है, तो भारत पीछे हट जाता है। खासतौर पर कृषि और डेयरी उत्पादों को लेकर अमेरिका चाहता है कि भारत अपने बाजार को खोले। लुटनिक का यह बयान भी काफी चर्चा में रहा कि “भारत की 1.4 अरब की आबादी है, लेकिन वह हमारे यहां से मक्के का एक दाना तक नहीं खरीदता।”

भारत का रुख: ‘गैर-जरूरी रियायतें नहीं देंगे’

भारत ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका की हर मांग को आंख मूंदकर स्वीकार नहीं करेगा। वाणिज्य मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने संकेत दिए हैं कि भारत अपनी शर्तों के साथ ही इस समझौते को आगे बढ़ाना चाहता है। उनका कहना है कि वार्ता तेज़ रफ्तार में होगी और प्रयास यह रहेगा कि जल्द कोई ठोस नतीजा निकले।

रूस से तेल खरीद बन रही बाधा?

हाल ही में लुटनिक ने यह भी संकेत दिया था कि जब तक भारत रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करता, तब तक अमेरिका किसी बड़े समझौते पर आगे नहीं बढ़ेगा। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की मौजूदा रणनीति पहले के मुकाबले नरम दिख रही है और व्यापार को अलग नजरिए से देखने की कोशिश हो रही है।

पिछली वार्ताएं और आज की उम्मीदें

अब तक भारत और अमेरिका के बीच 5 राउंड की ट्रेड वार्ता हो चुकी है। छठे राउंड की मीटिंग, जो अगस्त में होनी थी, फिलहाल स्थगित है। आज की मुलाकात को इस सिलसिले में निर्णायक माना जा रहा है। ब्रेंडन लिंच, जो पहले ही एशिया के 15 देशों के साथ सफल ट्रेड डील कर चुके हैं, अब भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाने की कोशिश में हैं।

Exit mobile version