Site icon Dainik Savera Times

Singapore में निर्माण स्थल पर स्टील बार की चपेट में आने से भारतीय नागरिक की हुई मौत

सिंगापुरः सिंगापुर में एक निर्माण स्थल पर स्टील बार की चपेट में आने से 34 साल के एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जहां वह काम करता था। जनशक्ति मंत्रालय (एमओएम) ने कहा कि कर्मचारी केबल खींचने का काम कर रहा था, तभी केबल ड्रम को सपोर्ट करने वाला स्टील स्टैंड टूट गया, जिससे पसिर रिस इंडस्ट्रियल ड्राइव 1 में रविवार दोपहर को दुर्घटना हुई। एमओएम ने कहा, ‘एक सामान्य सुरक्षा उपाय के रूप में केबल ड्रम और इसके साथ की सहायक संरचना केबलिंग के दौरान स्थिर और सुरक्षित होनी चाहिए।‘ उन्होंने कहा कि वह घातक दुर्घटना की जांच कर रहे हैं।

केबल ड्रम एक गोल, बेलनाकार वस्तु है जिसका उपयोग तारों और केबलों को ले जाने के लिए किया जाता है। पीड़ित को चांगी जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चोटों के कारण मौत हो गई। हांग हॉक ग्लोबल को केबल बिछाने का काम रोकने का आदेश दिया गया है।

सिंगापुर में 2023 में अब तक इस तरह की कम से कम 19 मौतें हुई हैं, जबकि पूरे 2020 में कार्यस्थल पर कुल 30 मौतें हुईं थी, 2021 में 37 और 2022 में 46 मौतें हुईं थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि कार्यस्थल पर होने वाली मौतों की संख्या में चिंताजनक वृद्धि को पिछले सप्ताह संसद में उठाया गया था। वरिष्ठ जनशक्ति राज्य मंत्री जकी मोहम्मद ने कहा कि कुछ कार्यस्थल सुरक्षा और स्वास्थ्य कानूनों के उल्लंघन के लिए अधिकतम जुर्माना 20,000 से 50,000 सिंगापुर डॉलर तक बढ़ाया जाएगा।

Exit mobile version