Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवंगत पत्नी की याद में भारतीय उद्योगपति स्वराज पॉल ने ब्रिटेन में किया हॉल का उद्घाटन

February 19, 2023

दिवंगत पत्नी की याद में भारतीय उद्योगपति स्वराज पॉल ने ब्रिटेन में किया हॉल का उद्घाटन

लंदन: जाने माने अनिवासी भारतीय उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल ने यहां ऐतिहासिक ‘इंडियन जिमखाना क्लब’ में अपनी दिवंगत पत्नी अरुणा की याद में एक भव्य नए हॉल का उद्घाटन किया है। पश्चिम लंदन में 60 साल से अधिक पुराने जिमखाना क्लब में शनिवार को लॉर्ड पॉल के 92वें जन्मदिन के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम में लेडी अरुणा स्वराज पॉल हॉल का उद्घाटन हुआ, जिसमें ब्रिटिश सांसद और राजनयिक भी शामिल हुए थे।

लेडी अरुणा का 86 वर्ष की आयु में पिछले साल मई में लंदन में अपने आवास में निधन हो गया था। लॉर्ड पॉल ने कहा, ‘‘यह हॉल मेरी अद्भुत पत्नी को एक श्रद्धांजलि है जिसे मुझे बहुत याद आती है। हमारी शादी के 65 साल के दौरान हमारे बीच कभी कोई बहस नहीं हुई।’’ उन्होंने वॉल्वरहैम्प्टन विश्वविद्यालय में एक भवन का नाम अपनी दिवंगत पत्नी के नाम पर रखने की योजना की घोषणा की, जहां वह चांसलर हैं।

अमेरिका, भारत, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कारोबार करने वाली ब्रिटेन स्थित कपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक पॉल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई चर्चा के बाद वाराणसी में एक नया र्निसंग कॉलेज और अस्पताल खोलने का अपना दृष्टिकोण भी सामने रखा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भारत से बहुत प्यार है, जहां जालंधर में मेरा जन्म हुआ था। इसलिए भारत मेरे दिल में है, अमेरिका मेरे दिल में है और ब्रिटेन एक ऐसा देश है जिसे मैं प्यार करता हूं।’’

कार्यक्रम में शामिल हुए कुछ विशिष्ट अतिथियों में दक्षिण एशिया के लिए ब्रिटेन के प्रभारी विदेश राज्य मंत्री लॉर्ड तारिक अहमद, ब्रिटेन के लिए भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी एवं उनकी पत्नी संगीता और ब्रिटेन के लिए बांग्लादेशी उच्चायुक्त सईदा मुना तस्रीम शामिल थीं। ‘इंडियन जिमखाना क्लब’ 1916 में स्थापित हुआ था और भारतीय उपमहाद्वीप के सबसे प्रमुख क्रिकेटरों और हॉकी खिलाड़ियों का एक समय इसके मैदान में खेलने का इतिहास रहा है, जिसमें विजय मर्चेंट, विजय हजारे, पटौदी के नवाब और हाल में सुनील गावस्कर, कपिल देव और इमरान खान के नाम शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें