इंटरनेशनल डेस्क: ब्रिटेन से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक भारतीय मूल के परिवार ने 36वीं मंजिल की बालकनी से छलांग दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मरने वालों में राकेश पई, उनकी पत्नी अदिति पारलकर और उनका नौ वर्षीय बेटा सिड शामिल है। लंदन पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
27 मई को सुबह करीब 7:30 बजे दक्षिण लंदन की 46 मंजिल वाली इमारत की 36वीं मंजिल की बालकनी से परिवार ने छलांग लगाई, जब लोगों ने देखा कि कुछ लोग ऊंचाई से गिरे हैं, तो आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं। पैरामेडिक्स ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
रिपोर्ट के अनुसार, 47 साल के राकेश पई और 46 वर्षीय अदिति पारलकर 2000 के दशक में मुंबई से लंदन आए थे। राकेश वित्तीय सलाहकार के रूप में काम करते थे और अदिति निर्माण क्षेत्र में वरिष्ठ पदों पर कार्यरत थीं। परिवार का जीवन अच्छा चल रहा था, लेकिन फिर कपल के बेटे को की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण परिस्थितियां कठिन होती चली गई।
कपल के दोस्तों ने बताया कि सिड का जन्म लंदन में ही हुआ था। वह बोल नहीं पाता था और उसे सीखने से जुड़ी भी कई कठिनाइयां थी। सिड लंबे समय से किडनी की बीमारी से भी जूझ रहा था। बेटे की देखभाल में लगातार लगने वाले समय और तनाव ने कपल पर गहरा असर डाला। वहीं अदिति भी लंबे समय से अवसाद और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना कर रही थीं।