Site icon Dainik Savera Times

US में भारतीय मूल के शख्स की बेरहमी से हत्या, आरोपी ने कुल्हाड़ी से काटी गर्दन, देखें CCTV

Indian Origin Murder in America: अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बता दें कि डलास शहर के डाउनटाउन सूट्स मोटल में भारतीय मूल के 50 वर्षीय चंद्रमौली नागमल्लैया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब चंद्रमौली अपनी पत्नी और बेटे के साथ मोटल में ठहरे हुए थे। पुलिस ने इस मामले में 35 वर्षीय योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज को मुख्य आरोपी बताया है, जिसे घटना स्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है और उसके खिलाफ गैर-बॉन्ड गिरफ्तारी आदेश के साथ इमिग्रेशन डिटेनर भी जारी किया गया है।

विवाद से खूनी वारदात तक

पुलिस जांच के मुताबिक चंद्रमौली नागमल्लैया ने मोटल परिसर में खराब वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल न करने के लिए योर्डानिस और उसकी महिला सहयोगी को मना किया था। नागमल्लैया ने यह बात उसकी महिला सहयोगी के माध्यम से कही, जो आरोपी को नागवार गुजरी। गुस्से में आरोपी अपने कमरे से बाहर आया और मचेते (कुल्हाड़ी जैसी धारदार हथियार) से चंद्रमौली पर हमला कर दिया।

पत्नी-बेटे के सामने की गई हत्या

बता दें कि हमले से बचने के लिए नागमल्लैया मोटल की पार्किंग की ओर भागे, लेकिन योर्डानिस ने उनका पीछा किया और लगातार कुल्हाड़ी से वार करता रहा। इस दौरान चंद्रमौली की पत्नी और बेटा, जो मोटल के फ्रंट ऑफिस में थे, बाहर आए और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर अलग कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने चंद्रमौली की गर्दन को पार्किंग में दो बार लात मारी और फिर उसे पास के डस्टबिन में फेंक दिया। मौके पर मौजूद डलास फायर-रेस्क्यू कर्मियों ने खून से लथपथ आरोपी को रोकने की कोशिश की और पुलिस के पहुंचने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने कबूल किया गुनाह

डलास पुलिस के अनुसार योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या पहले से सोची-समझी थी या अचानक गुस्से में की गई।

भारतीय समुदाय में शोक

यह घटना अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए गहरे सदमे और चिंता का विषय बन गई है। स्थानीय भारतीय संगठनों ने चंद्रमौली नागमल्लैया के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और न्याय की मांग की है। डलास पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version