इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ने 29 जून को घोषणा की कि इंडोनेशियाई पावर बैटरी इकोसिस्टम परियोजना देश को दक्षिण पूर्व एशिया का एकमात्र ऐसा राष्ट्र बनाएगी, जो अपस्ट्रीम से डाउनस्ट्रीम तक पावर बैटरी का एकीकृत उत्पादन हासिल कर सकेगा। उन्होंने चीनी साझेदारों के साथ मिलकर इस “ऐतिहासिक रणनीतिक परियोजना” को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना इंडोनेशियाई राज्य के स्वामित्व वाली खनन कंपनी एंटम, इंडोनेशियाई बैटरी कंपनी, और निंगबो पुकिन टाइम्स कंपनी द्वारा संयुक्त रूप से विकसित की जा रही है, जिसमें कुल 5.9 अरब अमेरिकी डॉलर का भारी-भरकम निवेश किया गया है। यह परियोजना लेटरराइट निकल अयस्क विकास से लेकर पाइरोमेटेलर्जी, हाइड्रोमेटेलर्जी, बैटरी सामग्री उत्पादन, बैटरी रीसाइक्लिंग और अंत में बैटरी निर्माण तक, पूरी बैटरी उत्पादन उद्योग श्रृंखला को कवर करती है।
राष्ट्रपति प्रबोवो ने उसी दिन इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत के करावांग औद्योगिक नए शहर में इस परियोजना के शिलान्यास समारोह में भाग लिया। समारोह में उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी के डाउनस्ट्रीम में निकल संसाधनों के विकास की प्रक्रिया न केवल देश की ऊर्जा स्वतंत्रता को बढ़ावा देगी, बल्कि इसका महत्वपूर्ण आर्थिक प्रभाव भी बहुत स्पष्ट है।
प्रबोवो ने इस बात पर जोर दिया कि इंडोनेशिया के 8% आर्थिक विकास लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, डाउनस्ट्रीम उद्योगों का विकास एक महत्वपूर्ण साधन है, जिसे लगातार मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निकल संसाधनों से संबंधित डाउनस्ट्रीम उद्योगों का विकास एक सकारात्मक श्रृंखला प्रतिक्रिया को जन्म देगा और अन्य खनिजों के डाउनस्ट्रीम विकास को भी बढ़ावा देगा।
समारोह में उपस्थित इंडोनेशिया के ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्री बहरील रहदालिया ने बताया कि इस परियोजना की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3 लाख इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी की मांग को पूरा कर सकती है। इसके अलावा, इस परियोजना से लगभग 35,000 नई नौकरियाँ पैदा होने की उम्मीद है, जो देश के संतुलित विकास को बढ़ावा देने की सरकार की रणनीतिक दिशा के अनुरूप है।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)