Site icon Dainik Savera Times

इंडोनेशिया 6 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए शुरू करेगा कोविड-19 टीकाकरण

जकार्ता: इंडोनेशिया इस साल की दूसरी तिमाही से छह साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोविड-19 टीकाकरण शुरू करने के लिए तैयार है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह घोषणा की। इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता सिती नादिया तर्मिजी ने शनिवार को जकार्ता में संवाददाताओं से कहा, “हम पहले ही गणना कर चुके हैं कि छह साल और उससे कम उम्र के कितने बच्चों को टीकों की आवश्यकता है और कब टीके इंडोनेशिया भेजे जा सकते हैं। इसके आधार पर हम अनुमान लगाते हैं कि टीके दूसरी तिमाही में शुरू हो सकते हैं।”

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार इंडोनेशियाई सरकार ने अब तक 6-11 वर्ष, 12-17 वर्ष की आयु के बच्चों, 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के वयस्कों और बुजुर्ग लोगों के लिए आयु वर्ग के आधार पर कोविड-19 टीकाकरण किया है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार तक देश भर में 20.4 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक, 17.5 करोड़ से अधिक लोगों को दूसरी खुराक और 6.9 करोड़ लोगों को तीसरी खुराक मिल चुकी है। लगभग 1.2 मिलियन बुजुर्गों और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को चौथी खुराक या दूसरा बूस्टर टीका प्राप्त करने के लिए प्राथमिकता दी गई है।

Exit mobile version