हर साल 21 मई को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ चाय के स्वाद का नहीं, बल्कि उससे जुड़े एहसास का भी उत्सव है। संयुक्त राष्ट्र ने साल 2019 में 21 मई को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस के रूप में मान्यता दी थी, ताकि दुनिया को चाय के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके। चाय दुनिया के सबसे पसंदीदा पेयों में से एक है। सुबह की शुरुआत हो, दफ्तर का छोटा विराम हो या बारिश के मौसम में दोस्तों के साथ बैठना… एक कप चाय हर मौके को खास बना देती है। चाय सिर्फ थकान दूर नहीं करती, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने का काम भी करती है।
चीन से शुरू हुई चाय की कहानी
माना जाता है कि चाय की शुरुआत चीन से हुई थी। वहां चाय पीना सिर्फ आदत नहीं, बल्कि संस्कृति का हिस्सा है। चीन में चाय परोसने की पारंपरिक विधि को बहुत खास माना जाता है। चाय बनाने और परोसने का तरीका वहां शांति, सम्मान और अनुशासन से जुड़ा होता है। धीरे-धीरे चाय चीन से दुनिया के कई देशों तक पहुंच गई और हर जगह इसका अपना अलग अंदाज़ बन गया।
भारत और चाय का रिश्ता
भारत में चाय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। घर, रेलवे स्टेशन, सड़क किनारे की दुकान, दफ्तर की कैंटीन या गांव की चौपाल… चाय हर जगह मिल जाती है। मसाले वाली चाय, अदरक वाली चाय, इलायची वाली चाय या कड़क चाय, हर किसी की अपनी पसंद होती है। भारत में अक्सर बातचीत की शुरुआत भी चाय से होती है। राजनीति, क्रिकेट, काम या परिवार की बातें… “चलो चाय पीते हैं” कहते ही माहौल हल्का हो जाता है। कई बार एक कप चाय और दोस्तों की बातें, दिनभर की चिंता कम कर देती हैं। सच कहें तो भारत में चाय सिर्फ पी नहीं जाती, बल्कि महसूस की जाती है।
चाय जोड़ती है रिश्ते
हमारे यहां “चाय पर मिलना” सिर्फ चाय पीना नहीं होता, बल्कि साथ बैठकर समय बिताना भी होता है। यही वजह है कि चाय लोगों को करीब लाने का काम करती है। भारत दुनिया के सबसे बड़े चाय उत्पादक देशों में शामिल है। असम, दार्जिलिंग और नीलगिरि की चाय पूरी दुनिया में मशहूर है। खासतौर पर दार्जिलिंग की चाय को लोग “चाय की शाही पहचान” तक कहते हैं।
असली मेहनत करने वाले लोग
अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस सिर्फ चाय का उत्सव नहीं है, बल्कि उन लाखों किसानों और मजदूरों को सम्मान देने का दिन भी है, जो चाय को खेतों से हमारे कप तक पहुंचाते हैं। उनकी मेहनत की वजह से ही हर सुबह चाय की खुशबू हमारे दिन की शुरुआत बनती है।
दुनिया में चाय के अलग-अलग रंग
दुनिया के अलग-अलग देशों में चाय पीने का तरीका अलग है। जापान में हरी चाय और पारंपरिक चाय समारोह काफी प्रसिद्ध हैं। ब्रिटेन में दोपहर की चाय पीने की परंपरा है, जहां चाय के साथ केक और हल्के नाश्ते परोसे जाते हैं। तुर्की में मेहमानों को छोटे कांच के गिलास में काली चाय दी जाती है। वहीं मोरक्को में पुदीने वाली मीठी चाय बहुत लोकप्रिय है। अलग-अलग तरीकों के बावजूद, हर जगह चाय लोगों को साथ लाने का काम करती है।
भागदौड़ में सुकून का पल
आज की तेज जिंदगी में चाय एक छोटे से आराम की तरह है। यह हमें कुछ देर रुकने, अपनों से बात करने और खुद को थोड़ा समय देने की याद दिलाती है। खुशी हो, तनाव हो, ठंड हो या बारिश… चाय हर माहौल में फिट बैठती है। शायद इसलिए लोग कहते हैं, “चाय सिर्फ एक पेय नहीं, एक एहसास है।”
(अखिल पाराशर, CGTN हिन्दी संवाददाता, बीजिंग)

