Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, ईरान ने न‍ियमों के उल्‍लंघन का लगाया आरोप

November 11, 2026

होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, ईरान ने न‍ियमों के उल्‍लंघन का लगाया आरोप

इंटरनेशनल डेस्क। होर्मुज स्‍ट्रेट के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग लग गई। ईरान की नौसेना ने बुधवार को कहा कि तेल टैंकर ने न‍ियमों का उल्‍लंघन क‍िया और हादसे का शिकार हो गया।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना के बयान के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई जब तेल टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्व में स्थित एक ‘असुरक्षित और प्रतिबंधित’ क्षेत्र से गुजर रहा था। ईरानी नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाएं जलडमरूमध्य के पूर्वी जलक्षेत्र पर लगातार नजर रख रही हैं। उसने जोर देकर कहा कि इस जलमार्ग से सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय और समुद्री नियमों का पालन जरूरी है।

इस बीच, ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका और इजरायल को नई गलतियां करने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो भी स्थान ईरान के इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ खतरे का केंद्र बनेगा, वह असमान सैन्य अभियानों का सीधा निशाना होगा। ईरानी मीडिया में जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की ओर से दिए गए किसी भी आदेश का सशस्त्र बल बिना किसी हिचकिचाहट के पालन करेंगे।

इससे एक दिन पहले, मंगलवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा किया था कि होर्मुज स्‍ट्रेट में ‘अनधिकृत मार्ग’ से गुजर रहे दो तेल टैंकरों में बड़े विस्फोट हुए। आईआरजीसी नौसेना के अनुसार, दोनों टैंकरों ने अपने सभी नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद कर दिए थे। इसके बाद उनमें आग लग गई और वे रुक गए।

बयान में कहा गया कि एक टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद विस्फोट का शिकार हुआ, जबकि दूसरा टैंकर, जिसे ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों का समर्थन प्राप्त बताया, एक घटना के बाद आग की चपेट में आ गया। आईआरजीसी नौसेना ने फिर चेतावनी दोहराई कि जलडमरूमध्य में ‘अनधिकृत मार्ग’ असुरक्षित है। उसका कहना है कि जो भी जहाज अमेरिकी सेना के सहयोग से इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे इसी तरह के परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

बता दें कि 28 फरवरी को ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट पर नियंत्रण और सख्त कर दिया था। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरानी क्षेत्र पर संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिका से जुड़े या उनके सहयोगी जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी थी। होर्मुज स्‍ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है, जहां किसी भी प्रकार का तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को प्रभावित कर सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें