Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Iran-Israel Ceasefire: सीजफायर से पहले ईरान का जोरदार मिसाइल हमला, इजरायल के 6 लोगों की मौत; जानें ताजा अपडेट्स

June 24, 2025

Iran-Israel Ceasefire: सीजफायर से पहले ईरान का जोरदार मिसाइल हमला, इजरायल के 6 लोगों की मौत; जानें ताजा अपडेट्स

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर लागू हो चुका है। बता दें कि 13 जून को इजरायल के हमले के बाद दोनों देशों में भीषण जंग चल रही थी। इस वजह से दोनों देशों को लगातार जान-माल का नुकसान झेलना पड़ रहा था। दोनों देशों के बीच हवाई हमले जारी थे। अमेरिकी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद माना जा रहा है कि आने वाले 24 घंटे में यह युद्ध औपचारिक तौर पर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

मिडिल ईस्ट में शांति बहाली हो सके, इसलिए दुनिया के कई देशों ने युद्ध रोक देने की अपील इजरायल और ईरान से की थी। वहीं, सीजफायर से ठीक पहले ईरान के मिसाइल हमले में इजरायल के 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। इजरायली सेना ने कहा था कि ईरान ने कई जगह हमले किए हैं। देश के कई इलाकों में सायरन बजे थे।

सहमति से लागू हुआ सीजफायर

दोनों देशों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद ही सीजफायर लागू हुआ है। बता दें कि सोमवार को ईरान ने कतर की राजधानी में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने अल-उदीद बेस पर जोरदार मिसाइल हमला किया था। हमले के बाद कतर ने अपना एयर स्पेस बंद करने की घोषणा की थी। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी सैन्य बेस पर हमले के बाद प्रतिक्रिया दी थी।

हमले के बाद क्या बोले ट्रंप?

खामेनेई ने कहा था कि दुनिया के किसी भी मुल्क के सामने ईरान नहीं झुकेगा, न ही अमेरिका और इजरायल के समक्ष सरेंडर किया जाएगा। वहीं, ईरानी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उनको पहले ही उम्मीद थी कि ईरान कमजोर हमला करेगा। उसने वैसे ही किया, हमले में अमेरिका के किसी नागरिक की मौत नहीं हुई। न ही हमले में कोई शख्स घायल हुआ।

वहीं, सीजफायर को लेकर ट्रंप ने कहा कि ईरान और इजरायल दोनों ही शांति चाहते थे। मिडिल ईस्ट में शांति रहेगी, दोनों देश एक-दूसरे के साथ मिलकर तरक्की और खुशहाली के लिए काम करेंगे, उनको ऐसी उम्मीद है। ईरान और इजरायल को आगे चलकर काफी कुछ हासिल करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें