Site icon Dainik Savera Times

ट्रम्प ने ईरान को दे दी चेतावनी, कहा – तेहरान को…

Iran-Israel War

Iran-Israel War : ईरान-इजराइल तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है। ईरान को परमाणु हथियार बनाना बंद करने की चेतावनी देते हुए ट्रंप ने साफ कहा है कि तेहरान के लोग तुरंत शहर खाली कर दें। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, ‘ईरान को उस समझौते पर हस्ताक्षर करना चाहिए था, जिसके लिए मैंने उनसे कहा था। मुझे लोगों की जान जाने का अफसोस है। मैं साफ तौर पर कहता हूं कि हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे। मैंने यह बार-बार कहा है। सभी को तुरंत तेहरान खाली कर देना चाहिए।’

डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान इजरायल-ईरान तनाव बढ़ने के बीच आया है, जिसने न सिर्फ ईरान बल्कि दुनिया के नेताओं में भी खलबली मचा दी है। अमेरिका 2018 में ही ईरान के साथ संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जीसीपीओए) से बाहर निकल चुका है। समझौते के तहत यह तय हुआ था कि ईरान सैन्य उद्देश्यों के लिए परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा।

हालांकि, ईरान हमेशा से कहता रहा है कि वह नागरिक हितों के लिए परमाणु कार्यक्रम चला रहा है, लेकिन अमेरिका और इजरायल को इस पर संदेह है। इसी संदेह के चलते अमेरिका ने ईरान के साथ जीसीपीओए तोड़ दिया।

व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई महत्वपूर्ण मामलों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कनाडा में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन से जल्दी निकल रहे हैं। ट्रंप ने मंगलवार देर रात तक कनाडा में रहने की योजना बनाई थी। इसके लिए ट्रंप रविवार को कनाडा पहुंचे। जी7 शिखर सम्मेलन 17 जून को समाप्त होने जा रहा है।

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह इजरायल और ईरान को बातचीत की मेज पर ला सकते हैं। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में दोनों देश एक-दूसरे पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर रहे हैं, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

Exit mobile version