Site icon Dainik Savera Times

ईरान की सुसाइड बोट द्वारा अमेरिकी तेल टैंकर पर बड़ा हमला, भारतीय नागिरक की हुई मौत

iran targets us oil tanker in iraq

iran targets us oil tanker in iraq

इंटरनेशनल डेस्क: इराक के खोर अल-जुबैर बंदरगाह के पास बुधवार को एक अमेरिकी तेल टैंकर पर बड़ा हमला हुआ। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इस टैंकर को ईरान से जुड़ी एक सुसाइड बोट ने निशाना बनाया। यह घटना इराक की समुद्री सीमा के भीतर हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है।

जिस जहाज पर हमला हुआ उसका नाम ‘सेफसी विष्णु’ है। यह एक बड़ा तेल टैंकर है जो कच्चा तेल ढोने का काम करता है। जहाज अमेरिका से जुड़ा है, लेकिन इस पर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगा हुआ था। घटना के समय जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे। हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई और बाकी 27 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए सभी लोगों को इराक के बसरा शहर ले जाया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।

इस जहाज का संचालन करने वाली कंपनी ‘सेफसी’ ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। कंपनी ने भारत सरकार से इस हमले की कड़ी निंदा करने की अपील की है। साथ ही पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच समुद्र में काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग भी की है।

सूत्रों के मुताबिक, दुनिया भर में चलने वाले जहाजों पर बड़ी संख्या में भारतीय नाविक काम करते हैं। अनुमान है कि वैश्विक जहाजरानी क्षेत्र में काम करने वाले नाविकों में 15 प्रतिशत से अधिक भारतीय हैं। ऐसे में समुद्र में होने वाले हमलों या तनाव की स्थिति में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।

‘सेफसी विष्णु’ एक बड़ा कच्चा तेल टैंकर है, जिसे साल 2007 में बनाया गया था। इस जहाज की लंबाई करीब 228 मीटर और चौड़ाई लगभग 32 मीटर है। इस हमले के बाद इलाके में समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं सामने आ गई हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना पर नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version