Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान का संवर्धित यूरेनियम अमरीका को सौंपकर नष्ट किया जाएगा : ट्रंप

May 27, 2026

ईरान का संवर्धित यूरेनियम अमरीका को सौंपकर नष्ट किया जाएगा : ट्रंप

वाशिंगटन : अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम अमरीका को सौंपे जाने के बाद नष्ट कर दिया जाएगा, चाहे वह मौके पर ही हो या किसी अन्य स्थान पर। ट्रंप ने सोशल मिडिया पर लिखा, “एनरिच्ड यूरेनियम (न्यूक्लियर डस्ट) को या तो तुरंत अमरीका को सौंप दिया जाएगा, ताकि उसे देश में लाकर नष्ट किया जा सके, या बेहतर यह होगा कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य के साथ मिलकर और उनकी सहमति से उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया जाए, या किसी अन्य स्वीकार्य स्थान पर। इस प्रक्रिया में एटॉमिक एनर्जी कमीशन या उसके बराबर की कोई संस्था गवाह के रूप में मौजूद रहेगी।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि संवर्धित यूरेनियम की मात्रा कितनी है। इंटरनैशनल एटॉमिक एनर्जी एजैंसी (आईएईए) पहले भी ईरान की परमाणु गतिविधियों की विभिन्न निरीक्षण व्यवस्थाओं के तहत निगरानी करती रही है। इससे पहले सोमवार को ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजैंसी ने कहा था कि तेहरान ने अपने देश से एनरिच्ड यूरेनियम बाहर भेजने पर सहमति नहीं दी है। एजैंसी ने सऊदी अरब के अल हदथ चैनल की उस रिपोर्ट को खारिज किया, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान उच्च स्तर पर संवर्धित यूरेनियम देश से बाहर भेजने के लिए तैयार है।

तस्नीम के अनुसार, तेहरान और वॉशिंगटन के बीच संभावित समझौते (एमओयू) को लेकर आई रिपोर्ट सही नहीं है। एजैंसी ने कहा, “अब तक मौजूद एमओयू के मसौदे में कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि ईरान परमाणु सामग्री बाहर भेजने के लिए तैयार है और उसने इस तरह की किसी भी परमाणु कार्रवाई के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं दी है।” वाशिंगटन पोस्ट ने एक ईरानी अधिकारी के हवाले से सोमवार को बताया कि संभावित समझौते के पहले चरण में अमरीका 12 अरब डॉलर की जब्त ईरानी संपत्ति जारी करेगा, होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंगें हटाने का काम शुरू होगा और अमेरिकी प्रतिबंध हटाए जाएंगे। हालांकि, ईरानी अधिकारी के अनुसार इस समझौते में कोई परमाणु समझौता शामिल नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें