तेहरान: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने तेहरान में हमास नेता इस्माइल हानिया की हत्या के प्रतिशोध में इजरायल पर सीधे हमला करने का आदेश दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट ने तीन ईरानी अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी गई है। खामेनेई ने बुधवार को ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक इमरजेंसी मीटिंग में यह आदेश दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि तीन अधिकारियों में से दो ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सदस्य हैं। इससे पहले, खामेनेई ने अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक संदेश में कहा कि इजरायल ने अपने लिए ‘कठोर सजा‘ के लिए जमीन तैयार कर ली है।
बुधवार को इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने इजरायल पर तेहरान में एक ‘आतंकवादी हमले‘ में इस्माइल हानिया और उसके बॉडी गार्ड की हत्या करने का आरोप लगाया। इसने हानिया और उसके बॉडी गार्ड की ‘शहादत‘ पर संवेदना व्यक्त की, साथ ही कहा कि हानिया मंगलवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए तेहरान आये थे और पिछले कुछ वर्षों में वो कई बार ईरान आये हैं।
इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने इजरायल के ‘आपराधिक कृत्य‘ की निंदा करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय नियमों और कानूनों का उल्लंघन बताया और कहा कि इजरायल को ईरान से करारा जवाब मिलेगा। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में हानिया की ‘शहादत‘ पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईरान अपनी क्षेत्रीय अखंडता, गरिमा, सम्मान और गौरव की रक्षा करेगा और इजरायल को इस ‘कायरतापूर्ण कदम‘ के लिए भुगतना पड़ेगा।

