Site icon Dainik Savera Times

युद्धविराम समझौते के 60 दिन हुए पूरे, लेबनान पर इजरायल ने किया हमला, 22 की मौत 124 घायल

Israel Attacked Lebanon

Israel Attacked Lebanon : लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रलय ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में अपने घर लौटने की कोशिश कर रहे लोगों पर इजरायली हमले हुए, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, 124 लोग घायल हो गए हैं। मंत्रलय ने एक बयान में कहा कि घायलों में 12 महिलाएं और इस्लामिक स्काउट एसोसिएशन का एक सदस्य भी था जो मानवीय बचाव मिशन का काम कर रहा था।

एक लेबनानी सैन्य सूत्र ने सिन्हुआ को बताया कि इजरायली सेना, मर्कवा टैंक और बुलडोजर के साथ मेस अल-जबल गांव में नागरिकों की भीड़ की ओर बढ़ी और ‘निवासियों को डराने और वहां से भगाने के लिए भारी गोलीबारी की।‘ सूत्र ने कहा कि इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नकौरा में स्थित संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर मुख्य सड़क को भी बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि सेना ने मेस अल-जबल और अरकोब हाइट्स पर कई बार फायरिंग की। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक, पूर्वी लेबनान और दक्षिण-पूर्वी लेबनान के शेबा क्षेत्र के पश्चिम में माउंट सदानेह की ओर भी मशीन-गन से गोलियां दागी गईं।

रविवार को 60 दिनी युद्धविराम की समय सीमा खत्म हो गई। इजरायल और लेबनानी सश समूह हिजबुल्लाह के बीच महीनों के संघर्ष के बाद नवंबर के अंत में युद्धविराम समझौता हुआ था। इसके तहत लेबनानी सेना को लितानी नदी के दक्षिण क्षेत्रों में रहने, वहां सुरक्षा सुनिश्चित करने और हथियारों या आतंकवादियों की मौजूदगी को रोकने की जिम्मेदारी थी। युद्धविराम समझौते के बावजूद, इजरायली सेना ने लेबनान में हमले जारी रखे, जिनमें से कुछ हमलों में सीमावर्ती क्षेत्रों में लोग मारे गए और घायल हुए।

रविवार को लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रलय ने बताया था कि दक्षिणी लेबनान में अपने घर लौटने की कोशिश कर रहे लोगों की भीड़ पर इजरायल ने गोलीबारी की, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 83 लोग घायल हो गए। ग्यारह पीड़ितों में से दस नागरिक थे, जो इजरायल के साथ लेबनान की दक्षिणी सीमा पर अपने घर लौटने की कोशिश कर रहे थे, जबकि ग्यारहवां एक सैनिक था, जो दक्षिणी लेबनान के अल-धाहिरा में मारा गया था।

Exit mobile version