Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू की जमीनी सैन्य कार्रवाई

October 1, 2024

इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू की जमीनी सैन्य कार्रवाई

बेरुत: इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए सीमित स्तर पर जमीनी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। इजरायल लेबनान में अभी तक हवाई हमले कर रहा था, जिसके बाद उसने जमीनी हमला शुरू करने की तैयारी भी शुरू कर दी थी।

इस मामले में इजरायल डिफेंस फोर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया है और बताया है कि इन हमलों को पूरी तरह से राजनीतिक नेतृत्व के तहत किया जा रहा है और जो भी सटीक खुफिया जानकारी मिली है, उसके आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।

पोस्ट के अनुसार, “कुछ घंटों पहले, राजनीतिक नेतृत्व के निर्णय के अनुसार, इजरायली सेना (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के आतंकवादी ठिकानों और बुनियादी ढांचे के खिलाफ सटीक खुफिया जानकारी के आधार सीमित और लक्षित जमीनी हमले शुरू किए है।

ये ठिकाने सीमा के पास के गांवों में स्थित हैं और इजरायल के उत्तरी इलाकों के लिए तत्काल खतरा पैदा कर रहे हैं।” पोस्ट में आगे कहा गया है, “आईडीएफ जनरल स्टाफ और उत्तरी कमान द्वारा निर्धारित एक व्यवस्थित योजना के अनुसार काम कर रही है, जिसके लिए आईडीएफ सैनिकों ने हाल के महीनों में प्रशिक्षण लिया है और तैयारी की है।

इन जमीनी ऑपरेशनों को इजरायली वायु सेना और तोपखाने से सटीक हमला करने में मदद मिल रही है और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। पोस्ट में बताया गया है कि ये अभियान पूरी तरह से राजनीतिक निर्णय के अनुसार ही किए जा रहे हैं। “नॉर्दर्न एरोज” नामक यह ऑपरेशन स्थिति के आधार पर और गाजा व अन्य क्षेत्रों में चल रहे संघर्ष के साथ-साथ चलता रहेगा आगे बताया गया है कि आईडीएफ युद्ध के उद्देश्यों को पूरा करने और इजरायल के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है,

ताकि उत्तर इजरायल के लोग सुरक्षित रूप से अपने घर वापस लौट सकें। उल्लेखनीय है कि हिजबुल्ला ने इजरायल द्वारा किसी जमीनी सैन्य कार्रवाई के बदले पूरा मुकाबला करने की बात कही है। हिजबुल्ला अब तक इस लड़ाई में अपने टॉप कमांडर समेत कई सीनियर लीडर्स को खो चुका है। हिजबुल्ला ने कहा है कि हसन नसरुल्ला की मौत के बाद जल्द ही वह अपना नया नेता चुनेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें