Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Israel ने Lebanon पर किए हवाई हमले, 4 बच्चों समेत 7 लोग घायल

July 21, 2024

Israel ने Lebanon पर किए हवाई हमले, 4 बच्चों समेत 7 लोग घायल

बेरूत : इजरायल-हमास युद्ध के बीच इजरायली सेना गाजा के अलावा अन्य जगहों पर भी कार्रवाई कर रही है। इसी बीच इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के विभिन्न इलाकों में हवाई हमले किए हैं। इसमें चार विस्थापित सीरियाई बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इजरायली ड्रोन और फाइटर विमानों ने हौला के दक्षिण-पूर्वी गांव में एक घर पर हवाई हमला किया, जिसमें तीन नागरिक घायल हो गए। इसके अलावा कई घर भी तबाह हो गए। इसके साथ ही एक अन्य इजरायली ड्रोन ने दक्षिण-पूर्वी शहर मरजायून के बुर्ज अल-मुलुक क्षेत्र में भी हमला किया।

इसकी चपेट में आने से वहां मौजूद चार सीरियाई बच्चे घायल हो गए। इजरायल के हवाई हमले के बीच हिजबुल्लाह ने एक बयान में कहा कि उसके लड़ाकों ने अल-मनारा साइट के क्षेत्र में मौजूद इजरायली सैनिकों को निशाना बनाया है। वहीं, लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बलों के प्रवक्ता एंड्रिया टेनेंटी ने शनिवार को कहा कि लेबनान और इजराइल के बीच कूटनीतिक समाधान संभव है। उन्होंने दोनों पक्षों से युद्ध विराम का भी आह्वान किया। टेनेंटी ने कहा कि लेबनान और इजराइल के दलों ने दुश्मनी को खत्म करने और स्थायी युद्ध विराम की दिशा में आगे बढ़ने के लिए संयुक्त राष्ट्र संकल्प 1701 के महत्व पर जोर दिया है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान ही एकमात्र रास्ता है। हम तनाव कम करने व शांति की दिशा में संयुक्त राष्ट्र संकल्प 1701 के पूर्ण कार्यान्वयन के लिए अपनी शक्ति के मुताबिक सब कुछ करना जारी रखेंगे। बता दें कि 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमास के हमले के बाद हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल की ओर रॉकेट दागे गए, जिसके बाद से ही लेबनान-इजरायल सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है। हालांकि, हिजबुल्लाह के हमलों का इजरायल की ओर से भी जवाब दिया गया और इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर जमकर हमले किए। इस बीच हिजबुल्लाह के महासचिव हसन नसरल्लाह ने चेतावनी दी है कि युद्ध छिड़ने की स्थिति में इजरायल की कोई भी जगह उनकी मिसाइलों से सुरक्षित नहीं रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें