Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का एक और दावा, हमास से 60 दिन के सीजफायर पर सहमत हुआ इजरायल

July 2, 2025

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का एक और दावा, हमास से 60 दिन के सीजफायर पर सहमत हुआ इजरायल

Israel Hamas ceasefire : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास से 60 दिन के युद्ध विराम प्रस्ताव को स्वीकार करने का आग्रह किया है। ट्रंप ने कहा है कि इजरायल इस प्रस्ताव की जरूरी शर्तों पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘मुझे उम्मीद है कि हमास मध्य पूर्व की भलाई के लिए इस समझौते पर हस्ताक्षर करेगा। मौजूदा स्थिति और खराब ही होगी।’

ट्रंप ने लिखा, ‘इजरायल 60 दिन के युद्ध विराम को अंतिम रूप देने के लिए जरूरी शर्तों पर सहमत हो गया है। इस बीच, हम युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों के साथ मिलकर काम करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘मेरे प्रतिनिधियों ने आज गाजा पर इजरायल के साथ लंबी बैठक की।’ इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि कतर और मिस्र अंतिम प्रस्ताव पेश करेंगे।

फिलिस्तीनी कैदियों के बदले इजरायली बंधकों को किया जाएगा रिहा-
एक रिपोर्ट के अनुसार, नए प्रस्ताव में हमास की कुछ चिंताओं को दूर करने की कोशिश की गई है। युद्ध विराम के दौरान फिलिस्तीनी कैदियों के बदले इजरायली बंधकों को रिहा किया जाएगा। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, पिछले सप्ताह ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि अगले सप्ताह के भीतर गाजा में युद्ध विराम हो सकता है, लेकिन उस समय उन्होंने और विवरण नहीं दिया।

व्हाइट हाउस की तीसरी यात्रा-
इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान और गाजा पर चर्चा करने के लिए अगले सोमवार को व्हाइट हाउस में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिलेंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी 2025 में अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी। तब से नेतन्याहू की यह व्हाइट हाउस की तीसरी यात्रा होगी।

संघर्ष को समाप्त करना ट्रंप की प्राथमिकता-
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ईरान पर इजरायल के हमलों के बाद अब इजरायल-हमास संघर्ष को समाप्त करना ट्रंप की प्राथमिकता है। इजरायल ने 18 मार्च को गाजा में अपना सैन्य अभियान फिर से शुरू किया, जिससे दो महीने का युद्धविराम समाप्त हो गया।

गाजा ने जारी किए आंकड़े-
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि तब से कम से कम 6,089 फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जबकि 21,013 लोग घायल हुए हैं। अक्टूबर 2023 में हमास-इजरायल संघर्ष शुरू होने के बाद से फिलिस्तीनी मृतकों की संख्या 56,412 तक पहुंच गई है, जबकि 133,054 लोग घायल हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें