Site icon Dainik Savera Times

Israel Iran US War: 50 फाइटर जेट से खामेनेई के बंकर पर बरसाए बम, इजरायली सेना ने जारी किया वीडियो

Israel Iran War 50 fighter jets bomb Khamenei bunker

Israel Iran War 50 fighter jets bomb Khamenei bunker

इंटरनेशनल डेस्क: इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान (Tehran) में बने एक भूमिगत बंकर पर बड़ा हवाई हमला किया है। यह बंकर ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई  के लिए बनाया गया बताया जा रहा है। इजरायली सेना ने इस हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें बंकर के आसपास लगातार कई बम गिरते दिखाई दे रहे हैं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है।

हमला शुक्रवार तड़के किया गया

इजरायली सेना के मुताबिक यह हमला शुक्रवार तड़के किया गया। इस ऑपरेशन में इजरायली वायु सेना के करीब 50 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। सेना का कहना है कि इस मिशन को उनकी खुफिया एजेंसी मोसाद से मिले इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया।

इजरायल के अनुसार, जिस बंकर को निशाना बनाया गया वह एक अंडरग्राउंड मिलिट्री बंकर था, जिसे युद्ध के समय खामेनेई को सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया गया था। सेना का दावा है कि इस जगह को एक सुरक्षित आपातकालीन ठिकाने के रूप में विकसित किया गया था।

 

हालांकि, इजरायली सेना का यह भी कहना है कि अली खामेनेई ने इस बंकर का कभी इस्तेमाल नहीं किया। उनके मुताबिक पहले चलाए गए ऑपरेशन ऑपरेशन रोरिंग लायन के दौरान ही खामेनेई की मौत हो चुकी थी। इसके बाद इस बंकर का इस्तेमाल ईरान के अन्य वरिष्ठ अधिकारी कर रहे थे।

इजरायली वायुसेना का आरोप 

इजरायली वायुसेना ने यह भी आरोप लगाया है कि ईरान ने इस भूमिगत ठिकाने को कई वर्षों में तैयार किया था। उनका कहना है कि यहां से सैन्य योजनाएं बनाई जाती थीं और इजरायल व पश्चिमी देशों के खिलाफ रणनीति तैयार की जाती थी। फिलहाल इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि ईरान की ओर से इस दावे पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Exit mobile version