Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान पर हमले में अमेरिका ने किया B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल, जानिए कितना खतरनाक है यह विमान

June 22, 2025

ईरान पर हमले में अमेरिका ने किया B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल, जानिए कितना खतरनाक है यह विमान

B-2 Stealth Bomber : इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध अब और भी गंभीर मोड़ पर पहुंच चुका है। रविवार सुबह अमेरिका ने सीधे तौर पर ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों – फोर्डो, नतांज़ और इस्फहान पर हवाई हमला कर दिया। इस हमले में अमेरिका ने अपने सबसे आधुनिक और घातक विमान बी-2 स्टील्थ बॉम्बर का इस्तेमाल किया। हालांकि हमले में कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि ईरान के इन रणनीतिक ठिकानों को गंभीर क्षति पहुंची है।

आइए खबर में विस्तार से जानते है बी-2 बॉम्बर आखिर है क्या और क्यों इसे दुनिया का सबसे खतरनाक विमान माना जाता है…

क्या है बी-2 स्टील्थ बॉम्बर?

बी-2 स्पिरिट, जिसे आमतौर पर बी-2 बॉम्बर कहा जाता है, अमेरिका का एक अत्याधुनिक स्टील्थ बमवर्षक विमान है। इसे अमेरिकी कंपनी नॉर्थ्रॉप ग्रुम्मन ने विकसित किया था। इसका पहला परीक्षण 1980 के दशक में हुआ और 1997 में इसे अमेरिकी वायुसेना में शामिल किया गया।

इसका फ्लाइंग-विंग डिजाइन और रडार-शोषक कोटिंग इसे रडार की पकड़ से लगभग पूरी तरह छुपा लेता है। यही कारण है कि यह दुश्मन की वायु सुरक्षा प्रणाली को चकमा देकर गुप्त हमले करने में सक्षम है।

बी-2 बॉम्बर की खास विशेषताएं

1. अदृश्य तकनीक (Stealth Technology): बी-2 का डिज़ाइन और इसके निर्माण में इस्तेमाल की गई विशेष मेटल इसे रडार से बचने में काफ़ी सक्षम बनाती हैं। इसका फ्लाइंग-विंग डिजाइन और रडार-शोषक कोटिंग इसे लगभग अदृश्य बना देती है।

2. भारी हथियारों की क्षमता: यह विमान 18 टन तक हथियार ले जा सकता है, जिसमें परमाणु बम, पारंपरिक बम और सटीक निशाने वाले गाइडेड बम शामिल हैं।

3. लंबी दूरी तक उड़ान: बिना ईंधन भरे करीब 11,000 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। हवा में ईंधन भरकर यह और आगे उड़ सकता है।

4. बंकर बस्टर क्षमता: यह दो 15 टन के बंकर-बस्टर बम ले जा सकता है, जो भूमिगत सुरक्षित ठिकानों को भी तबाह करने में सक्षम हैं।

5. महंगी तकनीक: बता दें कि एक बी-2 बॉम्बर की कीमत करीब 2 बिलियन डॉलर (लगभग 16,000 करोड़ रुपये) है, जो इसे दुनिया के सबसे महंगे सैन्य विमानों में से एक बनाता है।

6. ऑपरेट करने वाले पायलट: इसे दो पायलट मिलकर ऑपरेट करते हैं।

कितना खतरनाक है बी-2 बॉम्बर?

बी-2 की स्टील्थ और सटीक हमले की क्षमता इसे युद्ध के मैदान में एक गेम-चेंजर बनाती है। यह बिना किसी रडार चेतावनी के दुश्मन के सबसे सुरक्षित ठिकानों पर हमला करने में सक्षम है। इसकी सटीकता इतनी है कि यह दुश्मन के कमांड सेंटर, हवाई रक्षा प्रणाली और भूमिगत बंकरों को भी नष्ट कर सकता है।

इतिहास में बी-2 बॉम्बर का उपयोग

– कोसोवो युद्ध (1999)
– अफगानिस्तान (2001)
– इराक युद्ध (2003)
– लीबिया ऑपरेशन (2011)
– अब 14 साल बाद इसे फिर से ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के लिए इस्तेमाल किया गया है।

अमेरिका के पास सिर्फ 20 बी-2 बॉम्बर

बी-2 बॉम्बर बेहद महंगा और जटिल विमान है। अमेरिकी वायु सेना के पास केवल 20 यूनिट ही मौजूद हैं। इसे हर मिशन में उपयोग नहीं किया जा सकता, लेकिन जब भी अमेरिका किसी रणनीतिक और जोखिम भरे लक्ष्य पर हमला करना चाहता है, तो बी-2 पहली पसंद बनता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें