Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Israel ने Hezbollah के ठिकानों को बनाया निशाना, Lebanon में किए कई हवाई हमले 

August 25, 2024

Israel ने Hezbollah के ठिकानों को बनाया निशाना, Lebanon में किए कई हवाई हमले 
यरूशलम: इजराइल ने शिया मिलिशिया हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाकर रविवार तड़के लेबनान में हवाई हमले किए। इजराइली सेना ने यह जानकारी दी। इजराइली सेना ने एक बयान जारी कर हिजबुल्ला पर ‘‘इजराइली क्षेत्र की ओर मिसाइल और रॉकेट दागने की तैयारी करने’’ का आरोप लगाया। इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने कहा, ‘‘इन खतरों से बचने के लिए आत्मरक्षा में (इजराइली सेना द्वारा) लेबनान में उन आतंककवादी ठिकानों पर हमला किया जा रहा है, जहां से हिजबुल्ला इजराइल के आम नागरिकों पर हमले करने की साजिश रच रहा था।
हगारी ने सचेत किया कि हिजबुल्ला इजराइल में ‘‘जल्द ही रॉकेट और संभवत मिसाइल’’ एवं ड्रोन दागेगा। इसके तुरंत बाद ही उत्तरी इजराइल में सायरन बजने लगे। लेबनानी मीडिया ने देश के दक्षिणी भाग में हमलों की खबर दी, लेकिन इनके बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। सोशल मीडिया पर उपलब्ध कुछ वीडियो में दक्षिणी लेबनान में हमले होते दिखाई दिए। लेबनान में इजराइली हवाई हमलों के बाद तेल अवीव के बाहर स्थित इजराइल के बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाली उड़ानों का मार्ग रविवार को परिर्वितत कर दिया गया तथा अन्य विमानों के उड़ान भरने में देरी हुई।
इजराइली मीडिया ने इजराइली हवाई अड्डा प्राधिकरण के हवाले से यह खबर दी। उड़ानों के आवागमन पर नजर रखने वाले ‘फ्लाइट ट्रैंकिग डेटा’ से पता चला कि इस घोषणा के बाद ‘ईएल एआई’ की कम से कम दो उड़ानें दक्षिण की ओर मुड़ गईं और उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया। हगारी ने अपने बयान में कहा, ‘‘हम देख सकते हैं कि हिजबुल्ला लेबनानी नागरिकों को खतरे में डालते हुए इजराइल पर व्यापक पैमाने पर हमला करने की तैयारी कर रहा है। हगारी ने इस खुफिया जानकारी के बारे में कोई और विवरण नहीं दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन क्षेत्रों में हिजबुल्ला सक्रिय है, हम उन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सचेत करते हैं कि वे अपनी सुरक्षा के लिए वहां से तुरंत चले जाएं। इजराइली हमले में हिजबुल्ला के एक शीर्ष कमांडर की मौत और ईरान में संदिग्ध इजराइली हमले में हमास नेता इस्माइल हनिया की मौत के बाद से यह आशंका प्रबल हो गई है कि गाजा पट्टी में जारी इजराइल-हमास युद्ध क्षेत्रीय संघर्ष में बदल सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें