Site icon Dainik Savera Times

जो सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा… इस्राइल की ईरान के नए सुप्रीम लीडर को धमकी

Israel Threat to Iran New Supreme Leader

Israel Threat to Iran New Supreme Leader

इंटरनेशनल डेस्क: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इस्राइल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। इस्राइल रक्षा बल ने साफ कहा है कि जो भी व्यक्ति इस्राइल की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस चेतावनी में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।

आईडीएफ के सैन्य प्रवक्ता एफि डेफ्रिन ने कहा कि फिलहाल उनके पास खामेनेई के ठिकाने की कोई पक्की जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि इस्राइल अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। उनका कहना था कि जो भी इस्राइल के खिलाफ कदम उठाएगा, उसे ढूंढकर खत्म किया जाएगा।

इस्राइल ने ईरान के अर्धसैनिक संगठन बासिज बल को भी सीधा निशाना बनाने की चेतावनी दी है। डेफ्रिन ने कहा कि इस संगठन से जुड़े लोग भी सुरक्षित नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर कहीं भी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले इस्राइल यह दावा कर चुका है कि उसने बासिज के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी को मार गिराया है।

इस बीच इस्राइल ने साफ संकेत दिए हैं कि वह लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष के लिए तैयार है। यहां तक कि यह अभियान यहूदियों के प्रमुख त्योहार फसह के दौरान भी जारी रह सकता है, जो इस साल अप्रैल की शुरुआत में मनाया जाएगा।

दूसरी ओर ईरान की तरफ से मिसाइल हमलों का खतरा बना हुआ है। इस्राइल का कहना है कि वह ईरान से दागी जा रही नई मिसाइलों को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दौरान तेल अवीव और यरुशलम में एयर रेड सायरन बजने की खबर सामने आई है। रात के समय आसमान में तेज रोशनी और धमाकों जैसी स्थिति देखी गई, जिसके बाद राहत और बचाव दलों को कई जगहों पर भेजा गया।

वहीं खाड़ी देश बहरीन ने भी अपनी वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर रखा है। बहरीन रक्षा बल का दावा है कि पिछले दो हफ्तों में उसने 129 मिसाइलों और 233 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया है। यह घटनाक्रम दिखाता है कि पूरे क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात अभी शांत होने के आसार कम नजर आ रहे हैं।

 

Exit mobile version