Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायली हवाई हमले में गाजा में इस्लामिक जिहाद के 2 कमांडर मारे गए

September 8, 2024

इजरायली हवाई हमले में गाजा में इस्लामिक जिहाद के 2 कमांडर मारे गए

यरुशलम: इजरायली रक्षा बलों ने एक बयान में कहा कि हाल ही में मध्य गाजा पट्टी में इजरायली हवाई हमले में फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद (पीआईजे) आंदोलन के दो बटालियन कमांडर मारे गए।

रिपोर्ट के अनुसार, आईडीएफ ने शनिवार को कहा कि इजरायली विमानों ने गुरुवार को दीर अल-बलाह शहर में हमास और पीआईजे आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कमांड और नियंत्रण केंद्र पर ‘सटीक हमला’ किया।

बयान के मुताबिक, हमले में कई आतंकवादी मारे गए, जिनमें पीआईजे के दक्षिणी दीर अल-बलाह बटालियन के कमांडर अब्दुल्ला खातिब भी शामिल हैं। खातिब ने दक्षिणी इजरायल में 7 अक्टूबर को हुए हमलों में बटालियन के संचालन की कमान संभाली थी।

आईडीएफ ने यह भी बताया कि पीआईजे के पूर्वी दीर अल-बलाह बटालियन के कमांडर हेतम अबू अलजीदियन भी हमले में मारे गए। अबू अलजीदियन ने भी जारी लड़ाई के बीच सैनिकों पर कई हमले किए थे।

आईडीएफ ने कहा कि हमले में नागरिकों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए उसने कई कदम उठाए हैं, जिनमें सटीक हथियारों का इस्तेमाल, हवाई निगरानी और अन्य खुफिया जानकारी शामिल है।

7 अक्टूबर, 2023 को हमास ने इजरायल पर अचानक हमला किया था। इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद से इजरायल ने गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ बड़े पैमाने पर आक्रमण शुरू कर दिया, जो अभी तक जारी है।

गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को एक बयान में कहा कि गाजा पट्टी में जारी इजरायली हमलों में मरने वाले फिलिस्तीनियों की संख्या बढ़कर 40,939 हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें