Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिणी लेबनान में पुल पर इजरायल का हवाई हमला, इन देशों से टूटा संपर्क

March 23, 2026

दक्षिणी लेबनान में पुल पर इजरायल का हवाई हमला, इन देशों से टूटा संपर्क

इंटरनेशनल डेस्कः इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी पर बने कासमिया पुल पर हवाई हमला किया। यह हमला उस समय किया गया जब आसपास रहने वाले लोगों को कुछ घंटे पहले ही वहां से हटने की चेतावनी दे दी गई थी। यह पुल बहुत महत्वपूर्ण था क्योंकि यह लेबनान के दक्षिणी हिस्से को देश के बाकी इलाकों से जोड़ता था। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार इस पुल पर तीन बार हवाई हमले किए गए, जिससे पुल को भारी नुकसान पहुंचा और अब वह पूरी तरह से इस्तेमाल करने लायक नहीं रहा। इसके बाद एक चौथा हमला भी हुआ, जिससे आसपास के बिजली नेटवर्क, दुकानों, बाग-बगीचों और पार्कों को भी काफी नुकसान हुआ।

लेबनान के राष्ट्रपति ने जताई नाराजगी
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि लिटानी नदी के पुलों को निशाना बनाना देश की संप्रभुता (स्वतंत्रता) का सीधा उल्लंघन है।उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के हमले स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं और इससे जमीनी हमले (ग्राउंड ऑपरेशन) की आशंका बढ़ जाती है। राष्ट्रपति के अनुसार पुलों को नष्ट करने का मतलब है कि दक्षिणी लेबनान और देश के बाकी हिस्सों के बीच संपर्क तोड़ना। इससे आम लोगों की आवाजाही में दिक्कत होगी और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया।

पुलों को नष्ट करने का दिया आदेश
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि सेना को आदेश दिया गया है कि लिटानी नदी पर बने उन सभी पुलों को तुरंत नष्ट किया जाए, जिनका इस्तेमाल हिजबुल्ला कर रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उन्होंने मिलकर यह फैसला लिया है ताकि हिजबुल्ला के लड़ाके और हथियार दक्षिण की ओर न बढ़ सकें। इसके साथ ही सीमा के पास मौजूद कुछ घरों को गिराने की कार्रवाई भी तेज करने की बात कही गई है।

जमीनी अभियान बढ़ाने की चेतावनी
इजरायली सेना ने यह भी घोषणा की है कि वह लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ अपने जमीनी अभियान को और बढ़ाने जा रही है। सेना का कहना है कि यह अभियान लंबा चल सकता है।सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अयाल जमीर ने कहा कि यह अभियान अभी शुरुआत में है और आगे और तेज होगा। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने बताया कि आने वाले हफ्तों में इस जमीनी कार्रवाई का विस्तार किया जाएगा और इसे योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें