Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायली सेना ने गाजा में थोड़ी देर के लिए जमीनी हमला किया

October 26, 2023

इजरायली सेना ने गाजा में थोड़ी देर के लिए जमीनी हमला किया

राफाह: इजराइली सैनिकों और टैंकों ने बृहस्पतिवार को उत्तरी गाजा में थोड़ी देर के लिए जमीनी हमला किया। सेना ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय के विनाशकारी हवाई हमलों के बाद एक व्यापक संभावित जमीनी आक्रमण के मद्देनजर ‘‘युद्धक्षेत्र तैयार’’ करने के लिए कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह हमला ऐसे वक्त में किया गया है जब संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि गाजा पट्टी में ईंधन खत्म होने की कगार पर है जिससे उसे क्षेत्र में राहत प्रयास को रोकने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इजराइल-फलस्तीन के दशकों से चल आ रहे संघर्ष में गाजा में अभी हो रहा खूनखराबा अभूतपूर्व है। अगर इजरइाल हमास के खात्मे के उद्देश्य से जमीनी आक्रमण शुरू करता है तो गाजा में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हमास शासित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में 750 से अधिक लोगों की मौत हो गयी जो एक दिन पहले मारे गए 704 लोगों की संख्या से अधिक है।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने केवल आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया है और उसने हमास पर घनी आबादी वाले गाजा में नागरिकों के बीच रहकर अभियान चलाने का आरोप लगाया। युद्ध शुरू होने के बाद से ही फलस्तीनी आतंकवादियों ने इजराइल में रॉकेट हमले किए हैं। सेना ने बताया कि रातभर किए हमलों के दौरान सैनिकों ने हमास लड़ाकों, आतंकवादी ठिकानों और टैंक रोधी मिसाइल लॉन्चिंग स्थलों पर हमले किए। अभी किसी भी पक्ष ने हताहतों की जानकारी नहीं दी है।

इस बीच, बृहस्पतिवार सुबह दक्षिणी शहर खान यूनिस में एक आवासीय इमारत पर हवाई हमला किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इमारत में 25 विस्थापितों समेत 75 लोग रहते थे। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि युद्ध में 6,500 से अधिक फल्स्तीनियों की मौत हो गयी है। इसमें पिछले सप्ताह एक अस्पताल में हुए धमाके में मारे गए लोग भी शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें