Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायली हमले में West Bank में 9 और Gaza में 8 फिलिस्तीनियों की हुई मौत

August 29, 2024

इजरायली हमले में West Bank में 9 और Gaza में 8 फिलिस्तीनियों की हुई मौत

रामल्लाह: उत्तरी वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर इजरायली सैन्य अभियान के दौरान नौ फिलिस्तीनी मारे गए हैं। साथ ही सेंट्रल गाजा में विस्थापित लोगों के एक स्कूल के पास इजरायली हवाई हमले में कम से कम आठ फिलिस्तीनी मारे गए। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बुधवार को कहा कि अभियान में वेस्ट बैंक के जेनिन, टुबास और तुलकरम शहरों के साथ-साथ कई कैंप को निशाना बनाया गया, जिससे स्थानीय बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। सूत्रों ने बताया, अभियान में बुलडोजर, हेलीकॉप्टर और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, साथ ही इजरायली बलों ने तीनों शहरों जेनिन, टुबास और तुलकरम की घेराबंदी कर दी।

फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी (पीआरसीएस) ने एक प्रेस बयान में कहा, ‘दक्षिणी जेनिन में एक वाहन पर इजरायली ड्रोन हमले में तीन युवकों की मौत हो गई। इस बीच, इजरायली सेना की जेनिन में ही स्थानीय लोगों के साथ झड़प हुई, जिसमें सेना की गोलियों से दो युवकों की मौत हो गई। मरने वाले युवक 25 वर्षीय कस्साम जबरीन और 39 वर्षीय असिम दबया हैं। फिलिस्तीनी प्राधिकरण में जेनिन के गवर्नर कमाल अबू अल-रब ने कहा कि इजरायली सेना ने अस्पतालों पर धावा बोलने और शहर में चिकित्सा संस्थानों की घेराबंदी करने की धमकी दी है।

इसके अलावा, पीआरसीएस ने कहा कि तुबास के दक्षिण में फरा शरणार्थी शिविर पर इजरायली ड्रोन द्वारा किए गए बम विस्फोट में चार युवक मारे गए। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान 13 वर्षीय मोराद, 17 वर्षीय मोहम्मद जयसा, 22 वर्षीय इब्राहिम घनीमी और 23 वर्षीय अहमद नबरीसी के रूप में हुई है। तुलकरम में, फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि इजरायली सेना ने शहर पर धावा बोला और नूर शम्स शिविर के आसपास के जंगलों और खेतों में सेना और स्राइपर टीमों को तैनात किया।

बुधवार को, इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ), इजरायल सिक्योरिटी अथॉरिटी और इजरायली पुलिस ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि इजरायली सुरक्षा बलों ने तीन शहरों में ‘आतंकवाद विरोधी‘ अभियान चलाया है, जिसमें जेनिन और तुलकरम में पांच ‘सशस्त्र आतंकवादियों‘ और फारा शरणार्थी शिविर में चार को मार गिराया गया। इजरायली मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि उत्तरी वेस्ट बैंक में यह अभियान 2002 के बाद से अपनी तरह का सबसे बड़ा अभियान है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संघर्ष की शुरुआत के बाद से वेस्ट बैंक में इजरायली हमलों में 660 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं।

उधर सेंट्रल गाजा में विस्थापित लोगों के एक स्कूल के पास इजरायली हवाई हमले में कम से कम आठ फिलिस्तीनी मारे गए और दर्जनों घायल हो गए फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एक इजरायली युद्धक विमान ने डेर अल-बलाह शहर के पूर्व में अल-मनफालौटी स्कूल के आसपास मिसाइल से बमबारी की। इस बीच, इजरायल रक्षा बलों ने एक बयान में कहा कि इजरायली सेना ने नेत्जारिम कॉरिडोर में दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया गया है और सैकड़ों बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें